November 15, 2025

पूर्णिया में ठेकेदार के घर पांच लाख की डकैती, 15 डकैतों ने घर में घुसकर सभी लोगों को बंधक बनाकर कमरे में किया बंद फिर की लूटपाट

पूर्णिया। बायसी थाना क्षेत्र की खपड़ा पंचायत के मथुरापुर गांव में ठेकेदार के घर घुसकर डकैतों ने 5 लाख की डकैती की। मंगलवार की देर रात लाठी-डंडे व हथियार लेकर आए 15 डकैतों ने ठेकेदार मो. अजमल के घर पर हमला कर दिया। इसके बाद सभी लोगों को बंधक बनाकर एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद डकैतों ने 3 लाख नगदी व 2 लाख सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए।
वारदात के बाद सभी डकैत फरार हो गए। घटना के बाद में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। घटना के सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।

थानाध्यक्ष सुनील कुमार सुमन ने बताया कि पांच लाख की डकैती की बात सामने आ रही है। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। डकैतों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है। ठेकेदार मो. अजमल के पिता मो. हसीबुल ने बताया कि मंगलवार की देर रात एक दर्जन डकैत मेन गेट का ताला तोड़कर घर के अंदर घुसे। आवाज सुनकर नींद खुली तो देखा डकैत घर में थे। विरोध किया तो एक डकैत मारपीट करने लगा व घर के सभी लोगों को बंधक बनाकर कमरे में बंद कर दिया व लूटपाट की।

इसी दौरान मेरी पत्नी के हाथ में सोने का कंगन देख डकैत छिनतई करने लगे। जब हाथ से कंगन नहीं निकला तो डकैत उसका हाथ काटने लगे। इसके बाद मेरी पत्नी किसी तरह अपनी जान बचाकर डकैतों के चंगुल से भाग निकली। मो. हसीबुल ने बताया कि डकैतों ने अलमारी में रखे 3 लाख कैश और दो लाख रुपये के जेवर लूट लिए। उनका बेटा अजमल गुजरात में ठेकेदारी का काम करता है।

You may have missed