श्रावणी मेले की शुरुआत से पहले ही लखीसराय से कांवरियो का पहला जत्था देवघर रवाना

लखीसराय। श्रावणी मेले की शुरुआत से पहले ही कांवरी भोले बाबा के दर्शन के लिए देवघर की ओर बढ़ने लगे हैं। बेगूसराय के तेघड़ा से निकला कांवरियों का पहला जत्था हथीदह होते हुए गुरुवार को लखीसराय स्थित अशोकधाम पहुंचा। 25 की संख्या में मौजूद कांवरिये का अशोकधाम में बम भोले के दर्शन करते हुए देवघर की ओर बढ़े। यह जत्था साइकिल से देवघर को जा रहा है। कांवरियों ने बताया कि पिछले दो साल से कोविड के कारण उन लोगों ने बाबा का दर्शन नहीं किया। अब सबकुछ सामान्य होने के बाद पुन: वे जत्था बनाकर बाबा के दर्शन को जा रहे हैं।

ये लोग हथीदह के सिमरिया से जल उठाकर देवघर में बाबा भोले पर अर्पित करेंगे। पूर्णिमा को वे बाबा नगरी पहुंचेंगे और जलाभिषेक करेंगे। बिहार की अन्य जगहों से भी कांवरियों ने देवघर की ओर जाना शुरू कर दिया है। श्रावणी मेले की शुरुआत 14 जुलाई से होगी। भागलपुर जिले के सुल्तानगंज में सावन में रोजाना लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। यहां गंगा नदी से कांवरिये जल उठाकर देवघर बाबा धाम जाते हैं। सुल्तानगंज से देवघर के बीच कांवरिया पथ का काम तेजी से चल रहा है।

You may have missed