बेऊर जेल साजिश मामले में अनंत सिंह समेत 31 पर एफआईआर, जेल प्रशासन ने की कार्रवाई
पटना। जेल को ब्रेक करने की साजिश रची गई थी। इसके मास्टरमांइड बाहुबली और आरजेडी के पूर्व विधायक अनंत सिंह थे। जेल पर कब्जा करके कुख्यात अपराधियों को भगाने की तैयारी थी। इसके लिए कक्षपाल से बैरक की चाभी छीन ली गई थी। इस मामले का खुलासा जेल प्रशासन की एफआईआर से हुआ है। जेल प्रशासन ने बाहुबली नेता अनंत सिंह समेत 31 बंदियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। घटना के दो दिन बाद बेऊर थाने में दिए गए 2 पेज के आवेदन में जेल प्रशासन ने ये बातें स्पष्ट की हैं। आवेदन में लिखा है कि दबाव बनाने और बंदियों को भगाने की मंशा को लेकर अनंत सिंह और उनके समर्थकों ने हमला किया गया। जेल को अपने कब्जे में लेने की कोशिश की गई। वही कक्षपालों के साथ जमकर मारपीट की गई। इस मारपीट की घटना में जेल के प्रशासनिक पदाधिकारी के अलावा कक्षपाल समेत कुल 11 लोग घायल हो गए। इनका इलाज कारा के अस्पताल में चल रहा है। 16 जुलाई की सुबह जेल खुलते ही अनंत सिंह और उनके समर्थकों ने डिवीजन खंड में तैनात कक्षपाल अनिरुद्ध कुमार बैठा के साथ मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पहुंचे सहायक अधीक्षक भूटेश कुमार को भी जमकर पीटा। फिर कारा के सिंगल सेल में पहुंचकर वहां उपस्थित कक्षपाल संजीव कुमार शाह और गौतम कुमार के साथ मारपीट की गई। बताया जा रहा है कि इसी क्रम में सेल की चाभी छीन ली गई बंदियों को बाहर निकाल दिया गया। जेल प्रशासन का कहना है कि अनंत सिंह और उसके समर्थकों ने जेल में जमकर उत्पात मचाया। सीसीटीवी कैमरे को भी तोड़ दिया। इस घटना के बाद उपाधीक्षक राजेश कुमार सिंह के साथ अन्य पदाधिकारी जब कैदियों को समझाने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट, रोड़ेबाजी और गाली गलौज की गई।


