February 20, 2026

किशनगंज में जमीनी विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट, 11 लोग घायल, 6 की हालत गंभीर

किशनगंज। बिहार के किशनगंज जिले के कोचाधामन प्रखंड के अनारकली वार्ड नंबर 6 में जमीनी विवाद के चलते दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हुए इस हमले में दोनों पक्षों के कुल 11 लोग घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को किशनगंज सदर अस्पताल लाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल 6 लोगों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना का कारण 52 डेसिमल जमीन का विवाद बताया जा रहा है। घायल मोहम्मद साजिद ने बताया कि जमीन का फैसला पंचायत में हो चुका था और पंचनामा के आधार पर रजिस्ट्री भी कराई गई थी। बावजूद इसके, शनिवार शाम करीब तीन दर्जन से अधिक लोगों ने उन पर हमला कर दिया, जिसमें उनके पक्ष के 9 लोग घायल हो गए। एक पक्ष से घायल साजिद ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष के लोग उनकी जमीन पर कब्जा करने की मंशा से बार-बार हमला कर रहे हैं। वहीं दूसरे पक्ष से जख्मी रब्बानी ने बताया कि दूसरे पक्ष ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमर, इजहार, वकार और शहीद समेत कई लोगों ने हमला किया और जमीन हड़पने की कोशिश की। विवाद का समाधान पंचायत में हो चुका था, लेकिन इसके बावजूद मामला सुलझ नहीं सका। कोचाधामन थाना अध्यक्ष ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क है।

You may have missed