बेगूसराय में भीषण अगलगी से 200 से अधिक घर जले; मची अफरा-तफरी, फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय में रविवार की रात भीषण आगलगी की घटना घटी है। मटिहानी थाना क्षेत्र के सिहमा गांव के पतला टोल में आग लग जाने से करीब दो सौ से अधिक घर जलकर राख हो गए। इस दौरान घर में रखा खाद्यान्न, कपड़ा, बर्तन, नगदी, गहना समेत सभी सामान जलकर राख हो गया है। आग लगते ही घंटों तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। लोग घरों से निकल कर जैसे तैसे अपनी जान बचाने के प्रयास में लग गए। करीब तीन घंटे बाद चार दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। एक झोपड़ी में आग लग जाने के कारण यह घटना हुई। वहां आग कैसे लगी, इसके कारणों का पता नहीं चल पाया है। वहीं, इस अग्निकांड के बाद लोगों के बीच हाहाकार मचा हुआ है। घटना की जानकारी पाकर मटिहानी के विधायक राजकुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। फिलहाल इस घटना में क्षति का कोई भी आकलन नहीं हो पाया है। सोमवार को प्रशासनिक टीम द्वारा इसका आकलन किया जाएगा। इस घटना के बाद से पीड़ित लोगों के बीच चीख पुकार का माहौल बना हुआ है। फिलहाल बीती रात हुए इस अग्निकांड में हुई क्षति का आकलन करने के बाद ही मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू हो सकेगी।

About Post Author