फतुहा : राजद व जाप के कार्यकर्ता सड़क पर उतरे, आगजनी कर किया घंटों सड़क जाम

फतुहा। शुक्रवार को बीते दिनों विधान सभा में विधायकों की पिटाई व हुए लाठीचार्ज को लेकर बिहार बंद अभियान को सफल बनाने को लेकर राजद व जाप के कार्यकर्ता सड़क पर उतरे तथा राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इतना ही नहीं, पहले दौर में दोनों दल के कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग समय में सड़क पर आगजनी कर घंटों सड़क जाम किया। जहां मेन चौराहा को राजद के नगर अध्यक्ष दयानंद यादव के नेतृत्व में सड़क जाम किया गया तो मकसुदपुर में छात्र नेता निशांत यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आगजनी कर स्टेट हाइवे को जाम कर दिया। सुकुलपुर गांव के समीप राजद नेता चंदन यादव के नेतृत्व में फोरलेन पर आगजनी कर जाम किया गया। जेठुली में प्रखंड अध्यक्ष विनोद यादव ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ सड़क जाम किया। राजद कार्यकर्ता मृत्युंजय यादव ने गोविंदपुर में प्रदर्शन कर दुकाने बंद करवाया। दूसरे दौर में राजद कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चौराहे पर पुतला दहन किया तथा केन्द्र सरकार व राज्य सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। इस दौरान राजद कार्यकर्ताओं में रामप्रसाद यादव, गीगल सिंह बजरंगी यादव, सुग्रीव महतो, मनोज यादव, भोला सिंह तथा जाप कार्यकर्ताओं में बबलू यादव, संदीप कुमार, कमलेश कुमार समेत कई लोग मौजूद थे।
