December 5, 2025

फतुहा : पुनपुन नदी से नाबालिग लड़की का शव बरामद, मची सनसनी, मृतका नालंदा के एकंगरसराय की थी रहने वाली

  • मृत किशोरी के भाई और मामा ने सौतेले पिता पर लगाया हत्या का आरोप तो मृतका की मां ने पति को बताया निर्दोष

फतुहा। बुधवार को पटना के फतुहा थाना क्षेत्र के अबदालपुर गांव के पास ग्रामीणों के बीच उस समय सनसनी फैल गई जब पुलिस ने पुनपुन नदी से पुलिस ने एक नाबालिग लड़की का शव बरामद किया। पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए पटना भेज दिया है। शव के शरीर पर मारपीट के निशान उभरे थे। शव बरामदगी के थोड़ी देर बाद ही मृत किशोरी की पहचान नालंदा जिले के एकंगर सराय निवासी अमरजीत शर्मा के 16 वर्षीय पुत्री मधु कुमारी के रुप में हो गई।


मृत किशोरी के भाई अजीत कुमार व मामा रविन्द्र सिंह की माने तो बीते सोमवार को उसके सौतेले पिता अमरजीत सिंह ने उसके साथ मारपीट किया था तथा एक रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी थी। इसके बाद वह शव को ठिकाने लगाने के लिए एक कंबल में लपेट कर फतुहा के फोरलेन स्थित नरैना पुल से पुनपुन नदी में फेंक दिया था। इस संदर्भ में भाई अजीत कुमार ने थाने में अपने सौतेले पिता के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है। शिकायत दर्ज होते ही किशोरी की मामा व अन्य परिजनों ने आरोपी पिता को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
बताया जाता है कि किशोरी के अपने पिता का दस वर्ष पूर्व देहांत हो गया था। इसके बाद उसकी मां ने अमरजीत शर्मा के साथ दूसरी शादी कर ली थी। वहीं दूसरी ओर फोन पर किशोरी की मां से संपर्क किया गया तो उसने बताया कि उसके मायके वाले उसकी दूसरी शादी कर लेने से नाराज चल रहे हैं। उसके अनुसार उसकी पुत्री ने उसके प्रेम प्रसंग के विरोध में आत्महत्या कर ली है। उसने फोन पर अपने पति को निर्दोष बताया है।

You may have missed