PATNA : अगमकुंआ में करंट लगने से पिता-पुत्र की मौत, मचा कोहराम, लोगों में विद्युत विभाग के खिलाफ द्वारा आक्रोश व्याप्त
पटना। मौत भी किस तरह से अपने आगोश में लेती है, इसका दर्दनाक नजारा पटना में दिखा। बिजली की चपेट में आने से पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई है। वहीं इस हादसे में एक ट्रैक्टर का खलासी भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल खलासी का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घटना पटना सिटी के अगमकुआं थाना क्षेत्र के जीरो माइल स्थित न्यू आइओसी कॉलोनी में घटी है। मृतक की पहचान नालंदा जिले के अस्थामा अमरसिन बीघा निवासी 55 वर्षीय मुन्नी लाल राउत और उनके 28 वर्षीय पुत्र जितेंद्र राउत के रूप में की गई है। एक साथ पिता-पुत्र की हुई इस दर्दनाक मौत से स्थानीय लोगों में विद्युत विभाग के खिलाफ द्वारा गहरा आक्रोश व्याप्त है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मुन्नी लाल राउत न्यू आइओसी कॉलोनी में अपने मकान का निर्माण करा रहे थे। इसी क्रम में वे बेटे के साथ अपने घर के पास ट्रैक्टर से ईंट उतरवा रहे थे। इसी क्रम में ट्रैक्टर का डाला पास से गुजर रहे बिजली तार पर गिर पड़ा, जिससे बिजली का तार टूट गया और पूरे ट्रैक्टर में करंट दौड़ गई। ट्रैक्टर के पास पानी जमा होने के कारण पानी में भी करंट दौड़ गई, जिसके जद में पिता-पुत्र के आने से मौत हो गई। वहीं, हादसे में ट्रैक्टर का खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में तीनों लोगों को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने पिता-पुत्र को मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही बरते जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि मोहल्ले में कवर वायर लगाने को लेकर विद्युत विभाग के अधिकारियों से कई बार गुहार लगाई गई है। बावजूद इसके विभाग द्वारा अब तक मोहल्ले में कवर वायर की व्यवस्था नहीं की गई है। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एनएमसीएच भेज दिया है।


