January 27, 2026

बिहार के बाजारों में तेजी से चल रहे 500 के नकली नोट, पुलिस मुख्यालय ने जारी किए कई निर्देश, रहे सतर्क

पटना। बिहार के बाजारों में 500 के नकली नोटों को सर्कुलेट किया गया है। बिहार में 500 रुपये के जाली नोटों के भारी मात्रा में प्रचलन में आने के पुख्ता सबूत मिलने के बाद पटना पुलिस मुख्यालय ने इस मामले में जांच के आदेश दिए हैं और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। सभी रेंज के आईजी, डीआईजी, और सभी जिलों के डीएम, एसएसपी और एसपी को विशेष जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। दुकानदारों और आम जनता को इस मामले की गंभीरता समझाने का भी आदेश दिया गया है। पुलिस मुख्यालय ने जाली नोट का एक नमूना सार्वजनिक किया है, जिससे असली और नकली नोटों में अंतर स्पष्ट हो सके। 500 रुपये के जाली नोट के पीछे, रिज़र्व बैंक के उल्लेख में “E” की जगह “A” लिखा हुआ है। जबकि असली नोट में यह “E” होता है। इस अंतर से 500 रुपये के असली और नकली नोट की पहचान की जा सकती है। आरबीआई के मुताबिक, ओरिजिनल 500 रुपये के नोट की आधिकारिक साइज 66 मिमी x 150 मिमी होता है। नोट पर देवनागरी में मूल्यवर्ग अंक 500 लिखा होना चाहिए। नोट में महात्मा गांधी का चित्र केंद्र में होना चाहिए। माइक्रो लेटर्स ‘भारत’ और ‘इंडिया’ होंगे। ‘भारत’ और ‘आरबीआई’ शिलालेखों के साथ कलर शिफ्ट विंडो वाली सिक्योरिटी थ्रेट।म500 के नोट को झुकाने पर धागे का रंग हरे से नीला हो जाता है। गारंटी क्लॉज, प्रॉमिस क्लॉज के साथ गवर्नर के हस्ताक्षर और महात्मा गांधी के चित्र के दाईं ओर आरबीआई का प्रतीक है। नोट पर महात्मा गांधी का चित्र और इलेक्ट्रोटाइप (500) वॉटरमार्क है। नोट के दाहिनी ओर अशोक स्तंभ का प्रतीक है। 500 के नोट के बाईं ओर नोट की छपाई का वर्ष है। नोट पर स्वच्छ भारत लोगो स्लोगन है।नोट के ऊपर बाईं ओर और नीचे दाईं ओर बढ़ते हुए फॉन्ट में अंकों वाला नंबर पैनल है। नीचे दाईं ओर रंग बदलने वाली स्याही (हरे से नीले) में रुपये के चिह्न (500) के साथ मूल्यवर्ग का अंक है। बिहार पुलिस मुख्यालय ने लोगों से जाली नोटों को लेकर सावधानी बरतने का आग्रह किया है। मुख्यालय के अनुसार, 500 रुपये का नोट लेने से पहले उसे अच्छी तरह से जांच लें। असली और नकली नोट में बताए गए अंतर को जाँचने के बाद ही 500 रुपये का नोट स्वीकार करें। साथ ही, अन्य लोगों को भी इस बारे में जागरूक करें।

You may have missed