मसौढ़ी में आग लगने से दो किसानों के फसल जलकर हुई राख, चार लाख का हुआ नुकसान

पटना। मसौढ़ी थाना क्षेत्र के हरवंशपुर गांव में रविवार देर रात आग लगने की घटना ने दो किसानों के परिवारों को भारी नुकसान पहुंचाया। इस हादसे में किसानों की सात बीघा धान की फसल जलकर राख हो गई। आग लगने से करीब चार लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है, जिससे पीड़ित किसान और उनके परिवार गहरे सदमे में हैं। हरवंशपुर गांव के किसान अजीत पांडेय और कमलेश कुमार का धान खलिहान में रखा हुआ था। देर रात अचानक आग लगने की सूचना गांव में फैली। ग्रामीण शोर सुनकर खलिहान की ओर दौड़े तो देखा कि धान का पूंज (नेवारी) आग की लपटों में घिरा हुआ था। ग्रामीणों ने तुरंत बाल्टी, तसला, और बोरिंग की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि किसानों की पूरी फसल जलकर खाक हो गई। गांव वालों ने समय रहते आग पर काबू पाने का हर संभव प्रयास किया। बोरिंग चलाकर पानी का छिड़काव किया गया और अन्य खलिहानों को बचाने की कोशिश की गई। हालांकि, पीड़ित किसानों के खलिहान में रखे धान को बचाया नहीं जा सका। आग पर नियंत्रण पाने के बाद अन्य खलिहानों को सुरक्षित किया गया। इस हादसे में अजीत पांडेय और कमलेश कुमार की सात बीघा धान की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई। अनुमान है कि इस आगजनी से किसानों को करीब चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित किसानों ने बताया कि आग लगने का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। आगजनी की इस घटना के बाद दोनों किसानों और उनके परिवारों में गहरा दुख है। फसल की बर्बादी के कारण उनका आर्थिक संकट और बढ़ गया है। किसानों ने प्रशासन से सहायता की अपील की है। हरवंशपुर गांव की यह घटना किसानों के लिए बेहद दुखद और चिंताजनक है। यह आगजनी न केवल उनकी मेहनत को बर्बाद कर गई, बल्कि उनके आर्थिक संकट को और भी बढ़ा दिया है। प्रशासन को इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आग लगने के कारणों की जांच करनी चाहिए और पीड़ित किसानों को राहत प्रदान करनी चाहिए।

You may have missed