सिपाही भर्ती परीक्षा का फर्जी नोटिफिकेशन सोशल मीडिया पर वायरल, चयन पर्षद बोली- मामले की जांच होगी
पटना। केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के नाम से वॉट्सऐप और दूसरे सोशल मीडिया पर एक फर्जी नोटिफिकेशन वायरल हो रहा है। इसमें बताया जा रहा है कि केंद्रीय चयन पर्षद ने बिहार पुलिस में 21391 पदों के लिए अपने तीन चरणों के जिस परीक्षा को कैंसिल कर दिया है, अब उसकी नई तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। जबकि, असलियत ये है कि केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) की ओर से ऐसा कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है और न ही नई परीक्षा की नई तारीख की घोषणा की गई है। इसकी पुष्टि खुद केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) ओएसडी राजकिशोर बैठा ने की है। राजकिशोर ने इसकी पुलिस से जांच कराने की बात कही है। केंद्रीय चयन पर्षद ने 3 अक्टूबर को सिपाही भर्ती की सभी परीक्षा को रद्द कर दिया था। इसमें 1 अक्टूबर को हुई दोनों पालियों की परीक्षा के साथ-साथ 7 और 15 अक्टूबर का होने वाली परीक्षा शामिल है। परीक्षा रद्द होने के बाद से ही ये नोटिफिकेशन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा बिहार पुलिस/ बिहार सैन्य पुलिस एवं अन्य इकाइयों में सिपाही के 21,391 पदों पर सीधी नियुक्ति हेतु जारी किए गए विज्ञापन में अभ्यर्थियों की पहली लिखित परीक्षा 26 नवंबर 2023 को आयोजित की जाएगी। दूसरी लिखित परीक्षा 3 दिसंबर 2023 और तीसरी लिखित परीक्षा 10 दिसंबर 2023 को आयोजित की जाएगी। इसमें पहली पाली का समय सुबह 10 से 12 और दूसरी पाली का समय 15 से 17 बजे तक दिया हुआ है। परीक्षार्थियों को विश्वास दिलाने के लिए इस फर्जी नोटिफिकेशन में विज्ञापन संख्या 1/2023 का भी जिक्र किया गया है। जो नोटिफिकेशन सोशल मीडिया के जरिए लोगों तक पहुंच रहा है, उसे देख कर हर कोई धोखा खा जाएगा। क्योंकि, नोटिफिकेशन देखने में बिल्कुल वैसा ही है, जैसा केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) बोर्ड जारी करता है। उसमें लिखे कंटेंट भी मिलते-जुलते दिख रहे हैं, लेकिन ध्यान देने वाली पहली बात यह है कि नोटिफिकेशन के दूसरे पन्ने पर केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के अध्यक्ष का सिग्नेचर नहीं है। सिग्नेचर वाली जगह पूरी तरह से खाली है। उसके नीचे में सिर्फ तारीख, ज्ञापांक नंबर 15 और पर्षद का पूरा पता लिखा हुआ है। इस मामले पर केंद्रीय चयन पर्षद के अधिकारियों ने कहा की सोशल मीडिया में घूम रहा यह नोटिफिकेशन पूरी तरह से फर्जी है। ओएसडी राजकिशोर बैठा के अनुसार सिपाही बहाली के कैंसिल हुए तीनों चरणों की परीक्षा की नई तारीखों का कोई ऐलान नहीं हुआ है। ये फर्जी नोटिफिकेशन किसने और किस मकसद से वायरल किया है? इस पूरे प्रकरण की पुलिस में कंप्लेन की जाएगी और इसकी जांच कराई जाएगी।


