November 20, 2025

देश में जो भी बीजेपी खिलाफ बोलेगा उसके परिणाम भुगतना पड़ेगा : ललन सिंह

  • बीबीसी पर आईटी की रेड पर ललन सिंह ने केंद्र सरकार को घेरा, कहा- ये कैसा लोकतंत्र है, जहां सरकारी तंत्र का दुरुपयोग हो रहा

पटना। जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पार्टी के वरिष्ठ नेता ललन सिंह ने बीबीसी पर चल रही आईटी की रेड को लेकर जबरदस्त प्रतिक्रिया दी है। मंगलवार को बीबीसी के मुंबई और दिल्ली कार्यालय में हो रही आईटी की रेड पर ट्वीट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सवाल दागा। ललन सिंह ने कहा कि ये कैसा लोकतंत्र है? जो भी इनके खिलाफ बोलेगा या लिखेगा, उसका यही हश्र होगा। जिसको भी बोलना या लिखना हो, पहले इन्हें दिखाना होगा, वरना बुरा परिणाम भुगतना पड़ेगा। आखिर सरकारी तोतों का कितना और कब तक दुरुपयोग करेगी। ललन सिंह ने मीडिया संस्थान पर हो रहे रेड को लेकर नाराजगी व्यक्त की है। मंगलवार की सुबह से ही आयकर विभाग द्वारा ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन, बीबीसी के दिल्ली और मुंबई स्थित दफ्तर पर सर्वे किया जा रहा है। बीबीसी पर ट्रांसफर प्राइसिंग नियमों के तहत गैर-अनुपालन, हस्तांतरण मूल्य निर्धारण मानदंडों का लगातार और जानबूझकर उल्लंघन करने और जानबूझकर मुनाफे की महत्वपूर्ण राशि को डायवर्ट करने का आरोप है। इन्हीं आरोपों की जांच करने के लिए सर्वे आयोजित किए गए हैं।
कर्मचारियों के मोबाइल भी जब्त
वही उधर 12 से 15 लोगों की एक टीम बीबीसी के दिल्ली कार्यालय में ‘सर्वे’ कर रही है। आईटी रेड को लेकर सुबह ही इनकम टैक्स विभाग के सूत्रों का कहना रहा कि मल्टीपल लोकेशन पर सर्वे हो रहा है। आईटी डिपार्टमेंट के अधिकारी बीबीसी के ऑफिस में कागजों को खंगाल रहे हैं। बताया ये भी जा रहा कि बीबीसी के कर्मचारियों के फोन भी जब्त किए गए हैं। इस पर तरह तरह की राजनीतिक प्रक्रिया भी आ रही। बिहार के जेडीयू नेता ने भी इसे तानाशाह और गलत बताया है। उधर, कांग्रेस इंडिया लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर हो रही। हाल ही में बीबीसी ने केंद्र सरकार को लेकर एक डॉक्युमेंट्री बनाई थी जिसे भी बैन कर दिया गया था।

You may have missed