PATNA : आवास बोर्ड के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर को मिली फोन पर धमकी, खुद को बताया पूर्व सीएम का पीए, बातचीत का AUDIO आया सामने

पटना। बिहार राज्य आवास बोर्ड के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर प्रकाश चंद्र राजू को मोबाइल पर रविवार दोपहर धमकी मिली है। धमकी देने वाला कोई अपराधी नहीं है, बल्कि उक्त शख्स ने खुद को भाजपा की कद्दावर नेता और मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती का पर्सनल सेक्रेटरी (पीए) बताया है। उस वक्त प्रकाश चंद्र राजू हाजीपुर स्थित अपने घर पर थे। दोनों की बातचीत का एक आडियो भी सामने आया है। हालांकि सोमवार को पटना आने के बाद एग्जीक्यूटीव इंजीनियर इस मामले मे रिटेन कंप्लेन करेंगे। जिसके बाद पुलिस जांच शुरू करेगी। बता दें पूरा मामला राजीव नगर में स्थित बिहार राज्य आवास बोर्ड की जमीन से जुड़ा है। सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा को लेकर पूरा खेल चल रहा है।
फोन पर क्या हुई बातचीत
एग्जीक्यूटिव इंजीनियर को उनके पर्सनल मोबाइल पर मोबाइल सं. 6360623529 से रविवार दोपहर 12:42 बजे कॉल आया। जैसे उन्होंने कॉल रिसीव किया, वैसे ही कॉल करने वाले ने पूछा कि राजू बोल रहे हो? इंजीनियर ने जवाब दिया कि हां बोल रहे हैं। इस पर कॉल करने वाले ने कहा कि फोन क्यों नहीं उठा रहे हो? इस पर जवाब मिला… किसका? तो कॉल करने वाले ने कहा अभी… मेरा। इस पर इंजीनियर ने कहा, मेरी छुट्टी है… आप सर कौन बोल रहे हैं? इस सवाल को सुनते ही कॉल करने वाले ने जवाब दिया कि मैं बोल रहा हूं पर्सनल सेक्रेटरी पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती जी का। आपका टोन ऐसा क्यों आ रहा है?
आॅडियो में कॉल करने वाले ने इंजीनियर से पूछा कि वहां पर (बिहार) क्या मामला है रीता सिंह जी का? वो दीदी की बहुत करीबी हैं। इस पर इंजीनियर ने बताया कि राजीव नगर में आवास बोर्ड की जमीन है। जिस पर अवैध कब्जा को लेकर लॉकडाउन में गोलीबारी हुई थी। उसमें हमने 7-8 लोगों पर एफआईआर किया है। दो खोखा और एक गोली भी मिली थी। खुद को उमा भारती का पर्सनल सेक्रेटरी बताने वाला शख्स भू-माफिया सुनील सिंह को गिरफ्तार किए जाने और उस मामले की जांच से जुड़े सवालों को पूछ रहा था। केस का ताजा हालात भी पूछा। रीता सिंह बार-बार दीदी को कॉल कर रही हैं। गोलीबारी क्यों हुई? कोई पागल है? जो जाकर गोलीबारी करेगा। इंजीनियर को हड़काते हुए कॉल करने वाले शख्स ने कहा कि आपने केस क्यों किया? मुझे जमीन का पेपर चाहिए।
खुद को उमा भारती का पर्सनल सेक्रेटरी बताने वाले शख्स ने बिहार राज्य आवास बोर्ड के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर प्रकाश चंद्र राजू को इस कदर हड़काया कि वो डर गए। उन्हें सीधे कहा कि मैंने रमण जी से बात की है। जिस रमण का नाम इसने लिया, वो बिहार राज्य आवास बोर्ड के चेयरमैन हैं। फिर उसने कहा कि मेरी बात डिप्टी सीएम से भी इस मसले पर हुई है। कॉल के अंत में उसने राजीव नगर के थानेदार का भी नाम लिया। सीधे कहा कि वो भी बहुत खेल-खेल रहे हैं। मुझे सब पता है। अपने साथ हुए इस मामले की जानकारी एग्जीक्यूटिव इंजीनियर ने आवास बोर्ड के सभी सीनियर अधिकारियों को दे दी है। साथ ही मौखिक तौर पर राजीव नगर के थानेदार को भी इस मामले से अवगत करा दिया है।
जेल में बंद भू माफिया से जुड़ा है मामला
बता दें पिछले महीने में ही एक प्लॉट पर कब्जा जमाने को लेकर भू माफिया सुनील सिंह और उनके गुर्गों ने गोलीबारी की थी। इस मामले में एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के बयान पर एफआईआर दर्ज हुई थी। जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो दिन पहले ही सुनील सिंह को गिरफ्तार किया था। कॉल करने वाले शख्स ने जिस रीता सिंह का नाम लिया, वो सुनील सिंह की पत्नी हैं और कांग्रेस से जुड़ी हुई हैं। एग्जीक्यूटिव इंजीनियर को पिछले साल के लॉकडाउन से पहले भी एक बार धमकी मिली थी। उस वक्त जेल में बंद सुनील सिंह के पिता सत्यनारायण सिंह का नाम सामने आया था। इस मामले में राजीव नगर थाना में एक एफआईआर पहले से दर्ज है।

About Post Author

You may have missed