February 22, 2026

सभी लोग लगवाएं कोरोना वैक्सीन तभी हारेगा कोरोना : मौलाना कासमी

  • इमारत शरिया में कोरोना वैक्सीनेशन जागरूकता अभियान का आयोजन

फुलवारी शरीफ। इंसानी खिदमत को आज कोरोना संकट से समाज को उबारने के लिए इमारत शरिया और मौलाना सज्जाद मेमोरियल अस्पताल पूरी लगन और तन्मयता के साथ काम कर रहा है। ये बातें कार्यवाहक नाजिम इमारत शरिया बिहार, झारखंड व उड़ीसा मौलाना शिबली अल कासमी ने शनिवार को इमारत शरिया में आयोजित कोविड-19 वैक्सीनेशन जागरूकता अभियान समारोह में कही।
मौलाना कासमी ने कहा कि सभी लोगों को कोरोना से बचाव का वैक्सीन लेना चाहिए। इस वैक्सीन के प्रति कोई भ्रांति नहीं पालना है। जिस तरह पोलियो एवं कालाजार को भगाया है, उसी तरह कोरोना को भी भगाएंगे। उन्होंने कहा, इमारत शरिया के अस्पताल मौलाना सज्जाद मेमोरियल अस्पताल के डाक्टरों की टीम लगातार मुफ्त सलाह देने का काम करती रही। इमारत शरिया के सभी एंबुलेंस मरीजों की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहे। इसी परकार इस साल कोरोना की दूसरी लहर, जो पहली लहर से भी भयंकर साबित हो रही है, इस अवधि में भी इमारत शरिया की सेवाओं का सिलसिला लगातार जारी है। लोगों को सरकार की गाईडलाइन का पालन करने, विशेष कर धार्मिक स्थलों तथा सार्वजनिक स्थानों पर सरकार के निर्देश अमल करने, कोरोना से बचाव के तरीकों को अपनाने, वैक्सिनेशन के लिए रजिस्ट्रेशन कराने और बारी आने पर वैक्सीन लगवाने तथा मास्क तथा सोशल डिस्टेंसिंग पर अमल करने इत्यादि के लिए लगातार लोगों को जागृत किया जा रहा है। कोविड-19 से ग्रसित मरीजों की सेवा के लिए हमारे सेवादार हर समय तत्पर हैं। इमारत शरिया के पास वर्तमान में तीन एंबुलेंस हैं, जो दिन-रात मरीजों की सेवा में व्यस्त हैं।
इसी प्रकार मौलाना सज्जाद मेमोरियल अस्पताल के द्वारा चिकित्सकीय सुविधाएं पहुंचाने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। सरकार से भी हमारा आग्रह है कि वह सभी लोगों के टीकाकरण को सुनिश्चित करे। इस महामारी से निपटने में प्रशासन को इमारत शरिया का सहयोग चाहिए तो हमारा अस्पताल और हमारे डाक्टर तथा स्टाफ हर समय तत्पर हैं।
बैठक में विधायक गोपाल रविदास, एसडीओ नवनीत कुमार, मुफ़्ती सनाउल होदा कासमी उपसचिव, इमारत शरिया, अस्पताल के मेडिकल सुपरिन्टेंडेंट डॉ. एस निसार अहमद, डॉ. गुलाम मोहिउद्दीन अशरफी, डॉ. नजीर अहमद खान, फुलवारी शरीफ नगर परिषद के अध्यक्ष आफताब आलम, बीडीओ फुलवारी शरीफ जफरुद्दीन अली अहसन, थाना प्रभारी फुलवारी शरीफ रफीकुर रहमान, अस्पताल के एडमिनिस्ट्रेटर फैयाज एकबाल, डॉ. नुसरत यासमीन के अतिरिक्त विभिन्न वार्डों के वार्ड पार्षद उपस्थित थे।

You may have missed