विश्व पृथ्वी दिवस पर रूद्राक्ष फाउंडेशन ने चलाया पर्यावरण जागरूकता अभियान; दिल्ली, पटना-भोजपुर में वृक्षारोपण

पटना। विश्व पृथ्वी दिवस के मौके पर रुद्राक्ष फाउंडेशन के द्वारा नई दिल्ली तथा पटना-भोजपुर में वृक्षारोपण के साथ जागरूकता अभियान चलाया गया। नई दिल्ली में संस्था के फाउंडर मृत्युंजय पांडेय तथा पटना-भोजपुर में संस्था के निदेशक धनंजय पांडेय के नेतृत्व में वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस मौके पर पटना में रूद्राक्ष फाउंडेशन के निदेशक धनंजय पांडेय में स्थानीय लोगों के बीच पर्यावरण जागरूकता को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण से तात्पर्य पेड़ लगाकर पर्यावरण का संरक्षण करने से है। यानि वृक्षारोपण करके हम ना केवल एक अच्छे नागरिक का फर्ज निभाते हैं, अपितु पर्यावरण में उपस्थित वायु को भी स्वच्छ करते हैं, जलवायु में होने वाले अनावश्यक परिवर्तन को नियंत्रित करते हैं।
स्थानीय लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए उन्होंने बताया कि वृक्षारोपण करते समय हमें रोड डिवाइडर, सड़कों के किनारे, स्कूल, खुले मैदानों और पार्कों आदि को चुनना चाहिए। जहां पेड़ों को बढ़ने के लिए उचित जगह और खुले स्थान मिल सके। सरकार द्वारा समय-समय पर वृक्षारोपण करने के लिए पखवाड़ा और अभियान चलाए जाते हैं। जिसमें बड़ी संख्या में जन भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। ताकि आम जनमानस के सहयोग से अधिक से अधिक संख्या में पेड़ लगाए जा सकें। यदि धरती पर मानव का अस्तित्व बरकरार है, तो वृक्ष उसका एकमात्र कारण है। उन्होंने कहा कि वृक्ष वायु को शुद्ध बनाए रखने में सहायक है। वृक्ष  धरती पर वर्षा का स्रोत होते हैं। साथ ही वृक्षों से हमें ईधन और लकड़ी प्राप्त होती है। इतना ही नहीं वृक्षों से हमें जीवन जीने के लिए आवश्यक संसाधन प्राप्त होते हैं।

You may have missed