November 17, 2025

छत्तीसगढ़ के सुकमा और दंतेवाड़ा बॉर्डर पर मुठभेड़, 16 नक्सलियों का एनकाउंटर, 2 जवान घायल

सुकमा। छत्तीसगढ के सुकमा और दंतेवाड़ा जिले की सरहद पर शनिवार सुबह से पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। इसमें 16 नक्सली मारे गए हैं। डीआरजी और सीआरपीएफ के 500-600 जवानों ने नक्सलियों को घेर रखा है। मामला केरलापाल थाना क्षेत्र के उपमपल्ली का है। डीआरजी कमलोचन कश्यप ने बताया कि 16 नक्सलियों की डेडबॉडी रिकवर कर ली गई है। इंसास, जैसे ऑटोमैटिक वेपंस भी बरामद किए हैं। मारे गए नक्सलियों में बड़े कैडर्स के भी हैं। अभी मुठभेड़ चल रही है। डीआरजी ने बताया कि वहीं 2 जवान भी जख्मी हुए हैं, जो खतरे से बाहर हैं। ऑपरेशन खत्म होगा, तब सर्चिंग की जाएगी, इसके बाद ही साफ हो पाएगा कि नक्सलियों को और कितना नुकसान हुआ है। मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़ने की संभावना है। इससे पहले 25 मार्च को सुरक्षाबलों ने 25 लाख रुपए के इनामी नक्सली सुधीर उर्फ सुधाकर समेत 3 नक्सलियों को मार गिराया था। बस्तर रेंज में जवानों ने 2025 में मुठभेड़ में 100 नक्सलियों का एनकाउंटर किया है। इसमें सिर्फ मार्च में ही 49 नक्सली मारे गए हैं।
राज्य में दो मुठभेड़, 30 नक्सली मारे गए
छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में 20 मार्च को 2 बड़ी मुठभेड़ हुईं। इनमें 30 नक्सली मारे गए। पहली मुठभेड़ बीजापुर-दंतेवाड़ा बॉर्डर पर और दूसरी कांकेर-नारायणपुर सीमा पर हुई। बस्तर IG सुंदरराज पी. ने बताया कि, बीजापुर में हुई मुठभेड़ में 26 नक्सलियों को मारा गया। इसी मुठभेड़ में DRG (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) का एक जवान भी शहीद हुआ। वहीं कांकेर इलाके में हुई मुठभेड़ में भी 4 नक्सलियों को ढेर किया गया। इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अगस्त 2024 और दिसंबर 2024 को छत्तीसगढ़ के रायपुर और जगदलपुर आए थे। वे यहां अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग मंच से नक्सलियों को चेताते हुए कहा था कि हथियार डाल दें। हिंसा करोगे तो हमारे जवान निपटेंगे। वहीं उन्होंने एक डेडलाइन भी जारी की थी कि 31 मार्च 2026 तक पूरे देश से नक्सलवाद का खात्मा कर दिया जाएगा। शाह की इस डेडलाइन जारी करने के बाद से बस्तर में नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन काफी तेज हो गए हैं।

You may have missed