पूर्णिया में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, पांच गिरफ्तार, हथियार बरामद

  • दो राइफल, 53 कारतूस और लग्जरी वाहन जब्त, फरार अपराधियों की तलाश जारी
  • सेवानिवृत्त सेना के दो जवान भी शामिल, कुख्यात आरोपी मौके से फरार

पूर्णिया। बिहार के पूर्णिया जिले में पुलिस और अपराधियों के बीच रविवार देर शाम मुठभेड़ हुई, जिसमें पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। यह मुठभेड़ केहाट थाना क्षेत्र के पूर्णिया कॉलेज चौक के समीप हुई। गिरफ्तार बदमाशों के पास से पुलिस ने दो राइफल, 53 जिंदा कारतूस और दो खोखा बरामद किए हैं। इसके साथ ही घटनास्थल से दो लग्जरी वाहन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक स्वीटी सहरावत ने सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरसी निवासी सिट्टू सिंह, उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के पटियाली थाना क्षेत्र के भेसरासी निवासी मुकेश सिंह, एटा जिले के नया गांव निवासी नरसिंह सिंह, कटिहार जिले के फलका थाना क्षेत्र के चंदवा गांव निवासी शुभम कुमार तथा भागलपुर जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र के लतरा गांव निवासी रूपेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई की शुरुआत एक गुप्त सूचना से हुई थी। बताया गया था कि इनामी बदमाश छोटू सिंह को कुछ दिन पहले शहर के मधुबनी थाना क्षेत्र में अपने साथियों के साथ देखा गया था। छोटू सिंह पर शस्त्र अधिनियम और हत्या के मामले दर्ज हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच कर मामले का सत्यापन किया और मधुबनी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस को सूचना मिली कि मामले से जुड़े आरोपी पूर्णिया कॉलेज चौक के पास एकत्रित हुए हैं। इसके बाद सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में शहर के कई थानों की पुलिस और तकनीकी इकाई की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने दो राउंड फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी चेतावनी स्वरूप एक गोली चलाई। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, इस दौरान दो से तीन बदमाश मौके से भागने में सफल रहे। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में दो व्यक्ति सेवानिवृत्त सेना के जवान बताए जा रहे हैं, जो उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। वहीं, रूपेश कुमार और सिट्टू सिंह का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस अब इन सभी के आपराधिक रिकॉर्ड की विस्तृत जांच कर रही है। पूछताछ के दौरान एक और बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के समय बीकोठी थाना क्षेत्र के मौजमपट्टी निवासी कुख्यात अपराधी शाहिल सौरभ भी मौके पर मौजूद था, लेकिन वह अन्य साथियों के साथ भागने में सफल रहा। उसकी तलाश में पुलिस ने पूरी रात विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूर्णिया कॉलेज चौक के पास शाहिल सौरभ का घर बन रहा है, जहां सभी आरोपी एकत्रित हुए थे। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की योजना बनाई थी। इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। साथ ही, आम जनता को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। फिलहाल, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके अन्य सहयोगियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि इस मामले में जल्द ही और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

You may have missed