February 19, 2026

बिहार के बिजली उपभोक्ता हो जाएं सतर्क : अगर किसी तरह की मिलेगी गड़बड़ी तो होगी एफआईआर, डेढ़ माह चलेगा कड़ा निरीक्षण

पटना। बिजली उपभोक्ता हो जाएं सतर्क! नवंबर महीने की 15 तारीख से अगले महीने की 31 दिसंबर तक बिजली कंपनी की टीम बिहार के शहरी क्षेत्र के सभी बिजली उपभोक्ताओं के घर-घर जाएगी। अगर किसी तरह की बिजली की चोरी पकड़ी जाती है तो मौके पर नियमानुसार प्राथमिकी भी दर्ज होगी। इसके अतिरिक्त निरीक्षण के क्रम में कोई बकायेदार उपभोक्ता मिलता है तो तुरंत उसकी बिजली काट दी जाएगी। टीम साथ में ई-वैलेट और मनी रसीद भी साथ रखेगी। अगर कोई अपने बकाये बिजली बिल का भुगतान करना चाहता है तो उसके भुगतान की भी व्यवस्था निरीक्षण के क्रम में तत्काल संभव हो सकेगा। बिजली कंपनी ने इस संबंध में सभी विद्युत अधीक्षण अभियंता, विद्युत आपूर्ति अंचल तथा विद्युत आपूर्ति प्रमंडलों को निर्देश जारी किया है।
बिलिंग इफिशिएंशी में गड़बड़ी
बिजली कंपनी के आला अधिकारी के अनुसार, मानक टेक्निकल लास के आधार पर शहरी क्षेत्रों और छोटे फीडरों में 95 प्रतिशत एवं लंबे फीडरों में कम से कम 90 प्रतिशत बिलिंग इफिशिएंशी रहनी चाहिए पर अभी ऐसा नहीं हो रहा। इसे केंद्र में रख सभी शहरी क्षेत्र में उपभोक्ताओं के परिसर में लगे सर्विस वायर, मीटर, बिलिंग एवं इसके विपत्र के ससमय भुगतान के लिए सघन जांच अभियान चलाया जाना है। इस क्रम में सभी संबंधित अभियंताओं को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अपने-अपने क्षेत्र में रहना है।
हर सप्ताह होगी अभियान की समीक्षा
बिजली कंपनी ने अपने अभियंताओं के लिए यह निर्देश जारी किया है कि परिसर में लगे सर्विस वायर को अगर मीटर की ओर से क्षतिग्रस्त पाया जाता है तो उसे खोलकर उस तरफ का संयोजन पोल के तार से कर दिया जाए, ताकि बिजली की चोरी नहीं हो सके। अगर मीटर का सील टूटा हुआ पाया जाता है, टैंपरिंग दिखती या फिर बाईपास नजर आता है तो नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। बिजली कंपनी के स्तर से हर सप्ताह इस अभियान की समीक्षा की जाएगी।

You may have missed