पटना में बुजुर्ग महिला की गोली मारकर हत्या, बाइक से अपराधी हुए फरार
पटना। गोपालपुर के इलाहीबाग में मंगलवार की सुबह घर में घुसकर अपराधियों ने एक महिला को गोली मार दी। घटनास्थल पर ही महिला की मौत हो गई। इसके बाद अपराधी बाइक से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद गोपालपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। इस बीच एफएसएल टीम और डॉग स्क्वाड्रन को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से गोली के दो खोखे बरामद किए हैं। आशंका जताई जा रही है कि प्रॉपर्टी विवाद को लेकर महिला की हत्या हो सकती है। महिला अपने फ्लैट में अकेली रहती थी। घटना के घंटों बीत जाने के बाद भी मौके पर मृतक का बेटा नहीं पहुंचा है। महिला की पहचान मनोरमा देवी 60 वर्ष के रूप में की गई है। मनोरमा देवी की हत्या की गुत्थी को सुलझाने के लिए डॉग स्क्वाड्रन टीम को बुलाया गया है। मनोरमा देवी के पति नन्नू राय की हत्या 4 वर्ष पहले गोली मार कर ही गई गई थी। इसके बाद वो अकेली इलाहीबाग में एक मकान बनाकर रहती थी। मकान में 6 फ्लैट है। इसमें पांच फ्लैट में किराएदार रहते हैं। मनोरमा देवी का एक बेटा संजय कुमार फुलवारी शरीफ में अखानदानी मकान में परिवार के साथ रहता है। जबकि, उनका एक बेटा लगभग 10 वर्ष पूर्व घर से लापता हो गया था। उसका आज तक कोई सुराग नहीं मिला। मनोरमा देवी के जानने वाले लोग बताते हैं कि उनका बेटा संजय से कभी भी रिलेशन बढ़िया नहीं रहा है। संजय अपने मां-पिता के साथ नहीं रहना चाहता था। पुलिस मामले में घटनास्थल के सीसीटीवी कैमरा के साथ-साथ कई पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है।


