November 20, 2025

खाड़ी देशों में चांद दिखने के बाद भारत में कल मनेगा ईद का त्यौहार, बाजारों में दिखने लगी रौनक

पटना। मुसलमानों का सबसे बड़ा त्यौहार रमजान के 30 रोजा के बाद अल्लाह ताला का रोजेदारों को तोहफा रूप में मिलने वाला ईद उल फितर का इंतजार अब खत्म हो चुका है। हालांकि भारत में मुसलमान समुदाय के लोग और रोजेदारों को ईद के लिए 1 दिन और रोजा रखना पड़ेगा। अलविदा जुम्मा के दिन ही आखरी रमजान के रोजे रखे जाएंगे और दूसरे दिन भारत में ईद उल फितर का त्योहार मनाया जाएगा। सऊदी अरेबिया , दुबई समेत आसपास के मुल्कों में चांद के दीदार होने के बाद वहां ईद का त्यौहार शुक्रवार को ही मनाया जाएगा। गल्फ कंट्री में शुक्रवार को ईद मनाए जाने के जानकारी मिलने के बाद यह तय हो गया है कि भारत में शनिवार को ईद का त्यौहार मनाया जाएगा। मुस्लिम धर्मावलंबी अभी से ईद की तैयारी में जुट गए हैं। लोग अब आखिरी रमजान के रोज अलविदा जुम्मा की नमाज की तैयारियां भी शुरू कर दिया है। वहीं दूसरी तरफ ईद के नमाज के भी तैयारियां मस्जिद और ईदगाह में शुरू हो गई हैं। इसके लिए ईद की इंतजामिया कमेटी जोर शोर से लगी हुई हैं। वहीं पुलिस प्रशासन ईद के नमाज और जुम्मा अलविदा नमाज के समय चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम ने भी जुट गई है। दूसरी तरफ घर में सभी लोग ईद उल फितर का त्योहार मनाने की तैयारियां करनी शुरू कर दी हैं। हर कोई अपने अपने स्तर से ईद को खास बनाने में जुटा हुआ है। इस्लामिक चंद्र कैलेंडर के अनुसार दसवां महीना शव्वाल है और इस महीने का पहला दिन दुनिया भर में ईद-उल-फितर के रूप में मनाया जाता है। ईद को लेकर राजधानी पटना के बाजारों की रौनक बढ़ गयी है। लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं। पटना के सब्जीबाग और फुलवारीशरीफ इलाके में लोगों की भारी भीड़ देखी जा रही है। बाजार से लोग सेबई, कपड़ा, ड्राइ फ्रुट सहित कई सामान खरीदते देखे जा रहे हैं। दुकानों पर लोगों का हुजूम नजर आ रहा है। ईद को लेकर लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा है।

You may have missed