पटना बीजेपी महिला मोर्चा ने ममता बनर्जी का पुतला फूंका, कार्यकर्ताओं ने विरोध में लगाए नारें

पटना। बीजेपी महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया है। पार्टी कार्यालय के बाहर ममता बनर्जी का पुतला फूंका। कार्यकर्ताओं का कहना है कि ममता बनर्जी महिलाओं का अपमान करती हैं। उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। महिला मोर्चा की अध्यक्ष धर्मशिला गुप्ता ने कहा कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी के कार्यकर्ता सरेआम गुंडागर्दी कर रहे हैं। बहू-बेटियों की इज्जत लूटने की कोशिश की जा रही है। ममता बनर्जी के राज में गुंडे, घिनौने और भ्रष्टाचारियों का मनोबल बढ़ गया है। टीएमसी नेता शेख शाहजहां के गुंडे महिलाओं का यौन शोषण कर रहे हैं। विरोध करने पर जेल भेज दिया जाता है। अत्याचार अगर बंद नहीं हुआ तो जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा। पश्चिम बंगाल के साउथ 24 परगना जिले के संदेशखाली में महिलाओं ने टीएमसी नेता शेख शाहजहां और उनके समर्थकों पर यौन उत्पीड़न और जमीन हड़पने का आरोप लगाया है। राशन घोटाले में ईडी ने एक महीने पहले शाहजहां के ठिकानों पर रेड मारी थी। इस दौरान ईडी की टीम पर हमला किया गया था। तब से ही तृणमूल नेता शाहजहां फरार है। जिसके बाद से बीजेपी पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी पर हमलावर है। वहीं, इस मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता स्मृति ईरानी ने सोमवार को ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा था। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी टीएमसी के गुंडों को संरक्षण दे रही हैं। ममता बनर्जी ने एससी-एसटी, मछुआरों के परिवार और किसानों के सम्मान का सौदा कर लिया। उनकी महिलाओं का इस्तेमाल राजनीतिक फायदे के लिए किया जा रहा है।
