छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम और उनके बेटे के कई ठिकानों पर ईडी की छापेमारी, शराब घोटाले मामले में कार्रवाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी महासचिव भूपेश बघेल और बेटे चैतन्य के घर पर ईडी ने छापेमारी की है। उनके भिलाई:3 पदुमनगर स्थित घर पर आज (सोमवार) सुबह चार गाड़ियों में टीम पहुंची। दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। चैतन्य बघेल से जुड़े कई ठिकानों समेत 14 जगहों पर छापे पड़े हैं। ईडी के मुताबिक, शराब घोटाला मामले में कार्रवाई की गई है। 2100 करोड़ के शराब घोटाले में चैतन्य बघेल को भी लाभ पहुंचाया गया है। चैतन्य के करीबी और सहयोगी लक्ष्मीनारायण बंसल और पप्पू बंसल के ठिकानों पर भी कार्रवाई चल रही है। इसके अलावा भिलाई के नेहरू नगर में मनोज राजपूत, चरोदा में अभिषेक ठाकुर और संदीप सिंह, कमल अग्रवाल किशोर राइस मिल दुर्ग, सुनील अग्रवाल सहेली ज्वेलर्स दुर्ग और बिल्डर अजय चौहान के यहां भी ईडी की कार्रवाई चल रही है। भिलाई के पदुमनगर स्थित भूपेश बघेल के घर के बाहर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद हैं। ये सभी ईडी की कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के मुताबिक प्रदेश के गृहमंत्री सवालों से घिरे हुए हैं, विधानसभा में सवालों का कोई जवाब नहीं दे पा रहे हैं। इसलिए भूपेश बघेल के खिलाफ ईडी का दुरुपयोग कर रहे हैं।
पंजाब में कांग्रेस को रोकने का प्रयास
इस छापे के बाद भूपेश बघेल के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया गया है कि, सात वर्षों से चले आ रहे झूठे केस को जब कोर्ट में बर्खास्त कर दिया गया तो ईडी के मेहमानों ने पूर्व CM के घर पर दबिश दी है। इस षड्यंत्र से कोई पंजाब में कांग्रेस को रोकने का प्रयास कर रहा है, तो यह गलतफहमी है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि, भाजपा के इशारे पर ईडी कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भिलाई निवास पर पहुंची है।
ना डरे हैं, ना डरेंगे: पवन खेड़ा
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि, आज जब संसद का सत्र शुरू हो रहा है, चारों तरफ से घिरी हुई भाजपा ने हेडलाइन बदलने के लिए, देश का ध्यान टैरिफ, गिरती हुई अर्थव्यवस्था, वोटर्स लिस्ट फ्रॉड से भटकाने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल के घर पर ईडी की रेड करवा दी। भाजपा को समझ लेना चाहिए कि वह ना कांग्रेस को रोक पाएगी, ना हमारे किसी भी नेता को। ना डरे हैं, ना डरेंगे।
विपक्ष के नेताओं को डराने का प्रयास: सचिन पायलट
छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि, भूपेश बघेल के यहां ईडी का छापा केंद्र सरकार की राजनीतिक प्रतिशोध को उजागर करता है। भाजपा ईडी, CBI जैसी एजेंसियों को विपक्ष के नेताओं को डराने और दबाने के लिए इस्तेमाल कर रही है।
ईडी की दबिश, भाजपा की हताशा: दीपक बैज
इस कार्रवाई पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि, भाजपा की राजनीति अब जांच एजेंसियों के सहारे चल रही है। 7 साल पुराने झूठे केस को कोर्ट ने खारिज कर दिया, लेकिन दुर्भावना से ईडी को मोहरा बना दिया गया। आज सुबह ईडी की टीम पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निवास पर पहुंची। ये जांच है या राजनीतिक प्रतिशोध? अगर भाजपा ये सोच रही है कि कांग्रेस को डराया रोका जा सकता है तो यह उसकी सबसे बड़ी भूल है। कांग्रेस न झुकी है न झुकेगी। अब हर षड्यंत्र का जवाब और भी दमदार होगा। भूपेश बघेल के भिलाई स्थित घर के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ है। कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं। भूपेश बघेल के भिलाई स्थित घर के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ है। कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं।
पंजाब में भूपेश की धमक से भाजपा डरी: विनोद वर्मा
पूर्व सीएम के सलाहकार रहे कांग्रेस नेता विनोद वर्मा ने कहा कि, भाजपा ने कांग्रेस के नेताओं को चुप कराने केंद्रीय जांच एंजेसियों को माध्यम बनाया है। राहुल गांधी के साथ भाजपा के खिलाफ आवाज उठाने वाले कांग्रेस नेता, कार्यकर्ताओं को चुप कराने के लिए एजेंसियों को सहारा लिया जा रहा है। भाजपा भूपेश बघेल के खिलाफ पिछले तीन साल से पड़ी हैं। उसी की ये एक और कड़ी है। भूपेश बघेल पंजाब के प्रभारी बनाए गए हैं। वहां उनका जिस तरह स्वागत हुआ है, उनकी धमक से भाजपा डरी हुई है।
लोकतंत्र पर हमला बर्दाश्त नहीं: सिंहदेव
पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कहा कि, भूपेश बघेल पर ईडी की कार्रवाई लोकतंत्र की सीधी हत्या है और विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश है। हम सब एकजुट होकर इस लोकतांत्रिक लड़ाई को लड़ेंगे। यह सिर्फ एक व्यक्ति पर हमला नहीं, बल्कि पूरे लोकतांत्रिक ढांचे और जनता की आवाज पर हमला है।
भाजपा के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी कांग्रेस: देवेंद्र यादव
7 साल पुराने सीडी कांड मामले में भूपेश बघेल निर्दोष साबित हो चुके हैं, कोर्ट ने सीबीआई को फटकार भी लगाई है, कि उनके ऊपर कोई केस नहीं बनता है। इससे चिढ़कर बीजेपी ने ध्यान भटकाने के लिए ईडी को भेजा है। कांग्रेस पार्टी भाजपा के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी।
सरकार के खिलाफ बोलने वालों के घर पहुंच रही एजेंसियां: अमरजीत भगत
भूपेश बघेल पर ईडी छापे को लेकर पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि, जो सरकार के खिलाफ बोलता है, उसके घर एजेंसियां पहुंच जा रही हैं। भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ की आवाज हैं। छापों से उन्हें डराया नहीं जा सकता।
ईडी जांच कर रही है, इसमें प्रदेश का दखल नहीं: सीएम साय
भूपेश बघेल पर ईडी की कार्रवाई के खिलाफ सीएम साय ने कहा कि, ‘सभी जानते हैं कि कांग्रेस की सरकार में कई घोटाले हुए थे। इसकी जांच केंद्रीय एजेंसी कर रही हैं। ईडी की जांच चल रही है और इसमें प्रदेश का कोई दखल नहीं है।

You may have missed