February 15, 2026

स्वच्छ पर्यावरण और अपशिष्ट प्रबंधन में व्यापक जनभागीदारी से सुरक्षित होगी धरती

  • सीड, पटना नगरपालिका और पटना स्मार्ट सिटी द्वारा जागरूकता अभियान का आयोजन

पटना। सेंटर फॉर एनवायरनमेंट एंड एनर्जी डेवलपमेंट (सीड), पटना नगर निगम और पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड के संयुक्त तत्वाधान में पृथ्वी दिवस के अवसर पर बेहतर अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छ पर्यावरण पर जन-जागरूकता के उद्देश्य के लिए आॅनलाइन सिटीजन कैंपेन के साथ फेसबुक लाइव आधारित विचार-विमर्श किया गया। इस वर्ष पृथ्वी दिवस के थीम ‘धरती की पुन:स्थापना’ के अनुरूप गत 16 अप्रैल से सात दिवसीय सोशल मीडिया कैंपेन चलाया गया।
इस कैंपेन का समर्थन करते हुए बिहार सरकार में विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री सुमित कुमार सिंह ने लोगों से आह्वान किया कि “हम राज्य में सतत और साझा प्रयासों के जरिए लिक्विड, सॉलिड और इलेक्ट्रॉनिक कचरे का बेहतर और सततशील ढंग से निष्पादन करें और ‘सर्वे भवन्तु सुखिन:, सर्वे संतु निरामया:’ के आदर्श के अनुरूप हम अपनी धरती एवं समाज को सुन्दर, स्वस्थ और स्वच्छ बनाने में सार्थक योगदान दें।”
इस मौके पर पटना नगर निगम के कमिश्नर और पटना स्मार्ट सिटी कॉर्पोरेशन लिमिटेड के एमडी हिमांशु शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार न केवल सूखे और गीले कूड़े-कचरे और ई-वेस्ट के सततशील समाधान पर केंद्रित हैं, बल्कि कोरोना काल में बड़ी समस्या बन कर उभर रहे बायोमेडिकल वेस्ट को भी प्राथमिकता के रूप में ले रहे हैं। हम ‘वी केयर’ अभियान के जरिए मास्क, दस्ताने, सीरिंज, मेडिसिन बॉटल्स, पीपीई किट तथा अन्य मेडिकल वेस्ट के बेहतर निष्पादन के लिए जागरूकता फैला रहे हैं। हमने घर-घर कूड़ा संग्रह करने के लिए इससे संबंधित अलग बॉक्स का इंतजाम किया है ताकि इसके स्वास्थ्य संबंधी खतरों को दूर करते हुए हुए लोगों को सचेत और जागरूक किया जा सके। सीड, पटना नगरपालिका एवं पटना स्मार्ट सिटी कॉर्पोरेशन साथ मिलकर सस्टेनेबल वेस्ट मैनेजमेंट और स्वच्छ पर्यावरण की दिशा में और जन-जागरूकता प्रसार के लिए आगे भी काम करते रहेंगे।
अभियान के व्यापक सरोकार के बारे में सुश्री ऋचा झा, प्रोग्राम एसोसिएट, सीड ने बताया कि ‘पृथ्वी दिवस के मौके पर हमने सभी प्रकार के कूड़े-कचरे को अलग करने और इनके बेहतर समाधान के संकल्प को लेकर यह कैंपेन शुरू किया है, जो इस वर्ष के थीम “रिस्टोर अवर अर्थ” (धरती की पुन:स्थापना) के अनुरूप है। इसकी अगली कड़ी में आगामी 5 जून को आयोजित होने वाले विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “इकोसिस्टम रेस्टोरेशन” (पारिस्थितिकी तंत्र बहाली) भी है, जिसके तहत पर्यावरण संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, स्वच्छ वायु, जल और सुरक्षित धरती से जुड़े जन जागरूकता और भागीदारी की पहल बेहद जरूरी है। हम सभी स्टेकहोल्डर्स और लोगों से अपील करते हैं कि वे अपने घर से ही सूखे और गीले कचरे तथा इलेक्ट्रॉनिक कचरे को अलग करने और बायोमेडिकल वेस्ट के बेहतर निष्पादन की पहल लें, ताकि इनसे फैलने वाले प्रदूषण और खतरों को कम कर एक बेहतर परिवेश और समाज निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
इस अभियान को राज्य के गणमान्य व्यक्तियों और सेलिब्रिटीज जैसे प्रसिद्ध साहित्यकार पद्मश्री उषा किरण खां, फिल्म समीक्षक विनोद अनुपम, आईपीएस अफसर सुशील कुमार, बिहार महिला उद्योग संघ की अध्यक्ष उषा झा, तरुमित्र बायो रिजर्व के डायरेक्टर फादर टोनी पेन्डानाथ, केबीसी विनर फेम और पर्यावरणविद सुशील कुमार, कार्टूनिस्ट पवन सहित कई लोगों ने समर्थन दिया और लोगों से जुड़ने की अपील की। इस अभियान के तहत सोशल मीडिया पोस्ट्स और वीडियो संदेश के जरिए फेसबुक, ट्विटर और लिंक्डइन के माध्यम से कुल 28344 लोगों को जोड़ा गया।

You may have missed