February 21, 2026

भोजपुर में घरेलू विवाद होने पर पति ने पत्नी की कुकर से पीट-पीटकर मार डाला, आरोपी पति गिरफ्तार

मृतका की फाइल फोटो

भोजपुर, बिहार। भोजपुर जिले के खननी कला गांव में सोमवार की दोपहर घरेलू विवाद में पति ने ही पत्नी को मार डाला। मृतक रेणु देवी का 16 वर्षीय बेटा आर्यन ने पिता को सजा दिलाने की कसम खाई है। दरअसल, घरेलू विवाद में एक बार आरोपी संजय सिंह जेल गया था। पत्नी के निवेदन पर ही जेल से छुटा था। इसके बावजदू उसने पत्नी की हत्या कर दी। मामला अगिआंव बाजार थाना क्षेत्र का है। आरोपी संजय सिंह का बेटा आर्यन ने अपने पिता के खिलाफ थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। त्वरित कार्रवाई करते हुए अगिआंव बाजार थाना पुलिस ने फरार आरोपी पति को उनके एक रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार कर लिया है। आर्यन ने रोते हुए कहा कि मेरी मां को उसने (पिता) मार डाला है।

खाना बनाने को लेकर हुआ था विवाद

आर्यन ने बताया कि सोमवार की सुबह खाना बनाने को लेकर पिता उसे और उसकी मां से गाली-गलौज कर रहा था। इसके बाद वह ट्यूशन पढ़ने चला गया । ट्यूशन पढ़कर कर जब वो घर लौटा तो उसने देखा कि घर मे कोई नहीं है। उसकी मां खून से लथपथ जख्मी अवस्था में पड़ी थी।लेकिन घर के गोतिया (रिश्तेदार) या किसी ने भी मेरी मां को इलाज के लिए अस्पताल नहीं ले गया। जिसकी वजह से मेरी मां अस्पताल ले जाने के दौरान ही दम तोड़ दिया ।

बच्चों की भी पिटाई करते थे पिता

मां ही मेरी बहन और मेरे लिए एक सहारा थी। इसको भी मेरे पिता ने छीन लिया। मेरे पिता काम-काज नहीं करते थे, एक महीना काम करते तो बाकी दिन बैठ कर खाते थे। हमेशा मेरे पिता-मां को पिटाई करते थे। इसका विरोध करने पर मुझे और मेरी छोटी बहन को मारते-पीटते थे। रोजी रोटी के लिए घर के बगल में अपने जमीन पर मैंने सब्जी लगाई थी। उसे भी मेरे चचेरे चाचा ने बर्बाद कर दिया । चाचा कहते थे कि वो जमीन तुम्हारी नहीं है,जब मां ने इस मामले में पूछा था तब उन्होंने गाली-गलौज की थी। मेरे पिता की बात मेरे चचेरे चाचा से घटना के दिन पहले हुई थी ।

2004 में हुई थी शादी

28 मई 2004 को चांदी थाना क्षेत्र के जलपुरा-तापा निवासी रेणु देवी की शादी खननी कला गांव में संजय सिंह से हुई थी। हिन्दू रीति रिवाज से धूमधाम से शादी की थी। बताया जाता है कि आरोपी संजय सिंह की शादी जब से हुई थी तब से वह काम नहीं करता था और पत्नी के साथ हमेशा मारपीट करता रहता था।

मां ने दर्ज कराया था घरेलू हिंसा का केस

पति के डर से रेणु देवी कभी अपने भाई के घर तो कभी अपनी बहन के घर जान बचाने के लिए भागती फिरती थी। इसकी वजह से रेणु ने पति के खिलाफ घरेलू (हिंसा) उत्पीड़न का केस दर्ज कराया था। इसके बाद आरोपी पति इसी साल अगस्त महीने में जेल गया था। जेल जाने के बाद संजय अपनी पत्नी से गुजारिश करता था कि एक बार मौका दो हम कमाने जाएंगे और अच्छे से तुमको रखेंगे। उसकी बात मानकर रेणु देवी ने कोर्ट में गुहार लगाकर अपनी पति को जमानत दिलवाई थी । लेकिन, वही बेल (जमानत) रेणु के लिए काल बन गया। बाहर आते ही आरोपी संजय सिंह अपनी पत्नी की हत्या कर दी। संजय सिंह को एक बेटा आर्यन (16) और एक बेटी राशी (12) है ।

आरोपी पति गिरफ्तार

वहीं इस मामले में पीरो DSP राहुल सिंह ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी कर ली गई है। वो अपने पत्नी के साथ हमेशा मारपीट करता रहता था। मारपीट मामले ही संजय सिंह जेल गया था। पत्नी के अनुरोध पर उसे जमानत मिली थी। आरोपी से पूछताछ की जा रही है ।

You may have missed