फुलवारी थाना के पास मुख्य सड़क किनारे गिरी दीवार , दबने से मजदूर की मौत

* बालू अनलोड करने में ट्रैक्टर चालक की लापरवाही से हुआ हादसा


फुलवारीशरीफ। पटना के फुलवारीशरीफ थाना से चंद कदम दूर चुनौती कुआं के पास रेडिएंट स्कूल की दीवार गिरने से उसमें दबकर एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान गौनपुरा गांव के 45 वर्षीय मजदूर योगी गोस्वामी के रूप में हुई। इस दर्दनाक हादसे में मजदूर के दबने का पूरा विडियो सामने वाले एक मेडिकल हॉल में लगे सीसीटीवी में कैद हो गया।

घटना के सम्बन्ध में बताया जा रहा है कि चुनौती कुआं ईसापुर रोड में मास्टर इंद्रजीत सिंह के रेडिएंट स्कूल परिसर में निर्माण कार्य चल रहा था। इसी क्रम में उन्होंने बालू मंगवाया था। अहले सुबह जब ट्रैक्टर बालू लेकर आया और अनलोड करने लगा, तब ट्रैक्टर चालक की लापरवाही से एक झटके के साथ गेट और दीवार से जा टकराया। ट्रैक्टर के टकराते ही दीवार मजदूर के शरीर पर जा गिरा। मजदूर वहां बालू उठवाने की मजदूरी की आस में पहुंचा था। हादसे के बाद आनन-फानन में लोग घायल मजदूर को इलाज के लिए पास के नर्सिंग होम में ले गए, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच भेज दिया। जहां इलाज के लिए ले जाने के दौरान मजदूर योगी की मौत हो गई। मृतक मजदूर के घर परिवार में घटना की जानकारी मिलते ही परिजन चीत्कार उठे। परिजनों ने पुलिस को बगैर सूचना दिए ही पोस्टमार्टम नहीं कराया और शव को अंत्येष्टि के लिए लेकर चले गए। वही घटना के बाद डरे सहमे दूसरे मजदूरों ने कुछ नहीं बताया। इस मामले को लेकर फुलवारीशरीफ थाना प्रभारी रफीकुर रहमान ने बताया कि उन्हें इस मामले में किसी तरह की लिखित आवेदन थाना को प्राप्त नहीं हुई है। किसी तरह के कार्यवाही करने में असमर्थ है।

You may have missed