February 26, 2026

एनडीए की नई सरकार में मंत्रियों में विभागों का बंटवारा: नीतीश के पास गृह विभाग, सम्राट बने खेल और स्वास्थ्य मंत्री

  • विजय सिन्हा के पास कृषि और पथ निर्माण समेत 9 विभाग, शिक्षा मंत्री बने विजय चौधरी
  • विजेंद्र यादव के पास ऊर्जा समेत दो विभाग, संतोष सुमन बने अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री
  • सुमित सिंह को मिला उनका पुराना विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग

पटना। बिहार में एनडीए की बनी नई सरकार में शनिवार को मंत्रिमंडल में विभागों का बंटवारा कर दिया गया। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग और कैबिनेट सचिवालय के द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई है। बताया जा रहा है की नई सरकार बनने के बाद ही बीजेपी और जदयू में गृह विभाग रखने को लेकर कशमकश जारी थी हालांकि इस बार भी बिहार के गृह मंत्री नीतीश कुमार ही होंगे उन्होंने गृह मंत्रालय को अपने पास रखते हुए विभागों का बंटवारा कर दिया है।  बीते 28 जनवरी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार बनने के बाद से ही विभागों के बंटवारे का इंतजार किया जा रहा था। बता दें कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बनी सरकार में सीएम के अतिरिक्त 8 मंत्रियों ने शपथ ली थी। बताया जा रहा है कि विभागों के बंटवारे से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने फाइल को राजभवन भेजा था, जिसे बिहार सरकार के सीनियर अधिकारी लेकर राजभवन पहुंचे थे। इसके कुछ देर में ही राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर के दस्तखत से नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया। विभागों की बात करें तो हर बार की तरह नीतीश कुमार ने इस बार भी गृह विभाग और सामान्य प्रशासन विभाग को अपने पास रखा है। इसके साथ-साथ इस बार बीजेपी की ओर से भी कई बड़े मंत्रालय रखे गए हैं। सम्राट चौधरी बिहार के नए वित्त मंत्री होंगे। उनके पास नगर विकास स्वास्थ्य और खेल जैसे बड़े-बड़े विभाग हैं। विजय कुमार सिन्हा की बात करें तो उनके पास कृषि, पथ निर्माण, राजस्व एवं भूमि सुधार, गन्ना उद्योग, श्रम संसाधन समेत 9 विभाग है। इसके साथ-साथ जदयू कोटे से मंत्री बने विजय कुमार चौधरी के पास जल संसाधन, शिक्षा विभाग, भवन निर्माण और परिवहन समेत 6 विभाग हैं। वहीं नीतीश के पुराने साथी रहे विजेंद्र प्रसाद यादव को ऊर्जा विभाग समेत पांच विभाग दिए गए हैं इसके साथ ही डॉक्टर प्रेम कुमार के पास सहकारिता समेत पांच विभाग दिए गए हैं। श्रवण कुमार के पास ग्रामीण विकास समेत तीन विभाग होंगे। हम कोटे से मंत्री बने संतोष कुमार सुमन के पास अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति समेत दो विभाग दिए गए हैं। वहीं निर्दलीय कोटे से विधायक बने सुमित कुमार सिंह के पास उनका पुराना विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय रखा गया है। वर्तमान में कुल 8 मंत्री हैं। जिनमें भाजपा कोटे से दो डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा हैं। वहीं प्रेम कुमार को भी मंत्री बनाया गया है। जबकि जेडीयू कोटे से विजय चौधरी, बिजेन्द्र प्रसाद यादव और श्रवण कुमार मंत्री बनाये गए हैं। हम से संतोष सुमन और निर्दलीय सुमित सिंह मंत्री बनाए गए हैं।

 

You may have missed