भाजपा को देश के विकास में कोई रुचि नहीं है : ललन सिंह

पटना। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन ने आज पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि देश के विकास में भाजपा की कोई रुचि नहीं है। देश को चलाने व जुमलेबाजी करने में काफ़ी अंतर है। देश चलाने के लिए गंभीरता से सोचना पड़ता है। उसके लिए नीति बनानी पड़ती है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि 9 सालों से मोदी सरकार के द्वारा सिर्फ़ जुमलेबाजी किया गया है। केंद्र सरकार की सारी योजनाएं धरातल पर विफ़ल हुई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भाजपा की ओर से पटना के बापू सभागार में आयोजित झलकारी बाई जयंती समारोह पर चुटकी लेते हुए कहा कि कार्यक्रम में मंच पर जितने BJP के नेता मौजूद थे उतने ही दर्शकदीर्घा में श्रोता भी मौजूद थे। गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के जदयू में टूट के बयान पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कार्यक्रम की विफलता से जनता का ध्यान भटकाने के लिए नित्यानंद राय अनर्गल व विवादास्पद बयान दे रहे थे। हकीकत में वो एक हवाहवाई नेता हैं। उनकी बातों पर गंभीरता से तवज्जों देने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि 3 दिसबंर को विधानसभा चुनावों के परिणाम आने वाले हैं। उसमें सब स्पष्ट हो जायेगा कि किसकी कितनी लोकप्रियता है। ललन ने आगे कहा कि भाजपा आरक्षण की विरोधी है। राज्य की सरकार ने जातीय गणना के बाद जनसंख्या की भागीदारी के अनुरूप आरक्षण के दायरे को बढ़ाने का निर्णय लिया है। उन्होंने आगे कहा कि ग़रीब सवर्णों को 10 फीसदी आरक्षण देने के बाद 50 फ़ीसदी वाला सीमा शर्त टूट चुका है। हम लोगों ने आंकड़ों के आधार पर आरक्षण देने का काम किया है। इससे सम्बंधित जो भी तथ्य हैं उसे राज्य सरकार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करेगी। उन्होंने कहा कि न्यायालय में जाना BJP की पुरानी नीति रही है। जातीय गणना और नगर निकाय चुनाव के दौरान भी इनलोगों ने अड़ंगा लगाने का प्रयास किया था।

About Post Author

You may have missed