प्रीति योग में दीपावली गुरूवार को, मां लक्ष्मी के साथ श्रीहरि की बरसेगी कृपा, जानिए किस राशि के जातकों के लिए है खास

  • घर-घर विराजेंगे गणेश-लक्ष्मी, कुबेर व सरस्वती की भी होगी पूजा

पटना। कार्तिक कृष्ण अमावस्या गुरुवार को दीपावली का त्योहार प्रीति योग में पूरे देश में धूमधाम से मनाया जायेगा। पांच दिन तक चलने वाले दीपावली का त्योहार घनतेरस से शुरू होकर भाई दूज को समाप्त होगा। कल सनातन धर्मावलंबी अपने घर, आॅफिस, कारखानों में सिद्धि-बुद्धि के प्रदेता गणेश व माता लक्ष्मी की पूजा अर्चना करेंगे। वहीं लक्ष्मी-गणेश के साथ कुबेर, इन्द्र व सरस्वती की पूजा भी होगी। धन व वैभव की अधिष्ठात्री देवी मां लक्ष्मी की विशेष अनुकंपा पाने के लिए उन्हें कमलगट्टा, इत्र, कमल का फूल, विविध नैवेद्य, लावा, बताशा आदि अर्पित करेंगे।
प्रीति योग में मनेगी दीपावली
ज्योतिषाचार्य पंडित राकेश झा ने कहा कि कल चित्रा नक्षत्र तथा प्रीति योग में दीपोत्सव का त्योहार दीपावली मनाया जायेगा। तुला राशि में एक साथ चार ग्रहों की युति से इसकी महत्ता और बढ़ गयी है। इस राशि के सूर्य, चन्द्रमा, मंगल तथा बुध के संचार से श्रद्धालुओं के ऊपर माता लक्ष्मी की विशेष कृपा होगी। दीपावली के दिन तुला व मकर राशि में ग्रहों का विशेष युति रहेगी। गुरुवार दिन होने से इस बार दीपावली पर श्रद्धालुओं को मां लक्ष्मी के साथ श्रीहरि की भी कृपा बरसेगी। तिल, चंदन, तुलसी से भगवान नारायण की पूजा फलदायी होगी।
आठ राशियों पर बरसेगी मां लक्ष्मी की कृपा
दिवाली के दिन वृष, कर्क, तुला व धनु राशि पर माता लक्ष्मी की कृपा बरसेगी। देवी लक्ष्मी के साथ कुबेर भगवान का विधि-विधान से पूजन फलदायी होगा। पूजा के बाद जरूरतमंदों के बीच सामर्थ्य अनुसार दान-पुण्य करने से धन, यश, कीर्ति में वृद्धि होगी। मिथुन, कन्या, मकर तथा कुंभ राशि के जातक दीपावली के दिन धन, वैभव की अधिष्ठात्री देवी माता लक्ष्मी की पूजा के बाद उनके समक्ष वेदोक्त मंत्र का जाप करना उत्तम रहेगा। वहीं मेष, सिंह, वृश्चिक एवं मीन राशि के लोगों को विघ्नहर्ता गणेश के साथ शिव परिवार की पूजा श्रेयस्कर होगी।
चार ग्रहों की युति में लक्ष्मी पूजन लाभकारी
ज्योतिषी राकेश झा के अनुसार कल तुला राशि में चार ग्रहों के संचार से विशेष संयोग का निर्माण हो रहा है। तुला राशि के स्वामी शुक्र ग्रह होते हैं तथा ज्योतिष शास्त्र में शुक्र ग्रह को धन, संपदा, सुख-समृद्धि, वैभव, आनंदमय जीवन प्रदान करने वाले ग्रह माना गया है। सूर्य सभी ग्रहों में राजा और ऊर्जा प्रदान करने वाले ग्रह, मंगल ग्रह पराक्रम, बुध ग्रह वाणी और बुद्धि प्रदान करने वाले ग्रह है। इसके अलावा चंद्रमा मन के कारक ग्रह है। इस तरह के चार ग्रहों का तुला राशि में होना बहुत ही शुभ संयोग है। इसीलिए इस बार दीपावली पर श्रद्धालुओं के ऊपर माता लक्ष्मी की विशेष कृपा तथा लाभ प्राप्त होगा।
स्थिर लग्न में लक्ष्मी पूजा मुहूर्त
गुली काल : सुबह 08:47 बजे से 10:10 बजे तक
चर मुहूर्त : 10:10 बजे से 11:33 बजे तक
अभिजीत मुहूर्त : 11:11 बजे से 11:55 बजे तक
लाभ मुहूर्त : दोपहर 11:33 बजे से दोपहर 12:56 बजे तक
अमृत मुहूर्त : दोपहर 12:56 बजे से 02:19 बजे तक
कुंभ लग्न : दोपहर 01:14 बजे से 02:46 बजे तक
शुभ चौघड़िया मुहूर्त : शाम 03:42 बजे से 05:05 बजे तक
वृष लग्न : शाम 05:52 बजे से 07:49 बजे तक
स्थिर लग्न : शाम 06:42 बजे से रात्रि 08:19 बजे तक
सिंह लग्न : मध्यरात्रि 01:14 बजे से 02:36 बजे तक

About Post Author

You may have missed