बेगूसराय जेल में बंद दो कैदियों की मौत से मचा हडकंप, परिजनों ने जेल प्रशासन पर आरोप, खूब हुआ हंगामा

बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय जिले के मंडल कारा में बंद दो विचाराधीन कैदियों की सदर अस्पताल में इलाज के दौरान बुधवार को मौत हो गई। इस मामले में दोनों कैदियों के परिजनों ने जेल प्रशासन पर आरोप लगाया है। मृतकों के परिजनों का कहना है कि राजेश सिंह और रामप्रवेश सिंह लंबे समय से बीमार थे लेकिन अस्पताल में भर्ती नहीं कराया गया। इधर, जेल प्रशासन ने इस मामले पर कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया है। इस घटना के बाद दोनों मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृत कैदियों की पहचान तेघड़ा थाना के मधुरापुर गांव निवासी राम पदारथ सिंह का पुत्र राम प्रवेश सिंह और चेरियाबरियारपुर थाना के खाजहांपुर निवासी हरेकृष्ण सिंह का पुत्र धीरज सिंह के रूप में हुई है। राम प्रवेश सिंह को शराब के मामले में जेल में बंद किया गया था। जबकि धीरज सिंह को हत्या के केस में बेगूसराय मंडल कारा में बंद किया गया था।

बेगूसराय के बरियारपुर थाना क्षेत्र के खंजापुर निवासी राजेश सिंह 2019 से ही हत्या के मामले में जेल में बंद था। तीन दिन पहले उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं तेघड़ा थाना क्षेत्र मधुरापुर पुवारी टोला निवासी रामप्रवेश सिंह पिछले दो महीने से शराब मामले में जेल में बंद था। उसे भी तीन दिन पहले ही तबीयत खराब होने पर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वही दोनों कैदी की मौत कैसे हुई है इसपर कोई बयान नहीं दे रहा है। जिला प्रशासन द्वारा पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल प्रशासन को मेडिकल बोर्ड का गठन करने का निर्देश दिया गया है। एक दंडाधिकारी की नियुक्ति भी की गई है। पोस्टमार्टम के दौरान वीडियोग्राफी की भी व्यवस्था की गई है।