समस्तीपुर में रेल लाइन किनारे प्रेमी जोड़े का शव मिलने से सनसनी, मामले की जांच में जुटी पुलिस

समस्तीपुर। बिहार के समस्तीपुर-दरभंगा रेल खंड पर रामभद्रपुर हायाघाट स्टेशन के बीच कुसैया रेलवे गुमटी के पास एक प्रेमी युगल ने ट्रेन के सामने कूद कर अपनी जान दे दी। शुक्रवार सुबह प्रेमी युगल का क्षतविक्षत शव लोगों ने देखा। दोनों की पहचान कल्याणपुर थाना क्षेत्र के रामभद्रपुर पंचायत के कपरपट्टी गांव के रहने वालों के तौर पर हुई है। बताया जाता है कि लड़की की शादी छठ के बाद होनी थी। इसी वजह से प्रेमी युगल ने जान दी है। मृतक लड़की गांव के ही बटून राय की 18 साल की बेटी भोली कुमारी और इसी गांव के पवन राय का 20 साल का बेटा मनीष कुमार बताया गया है। हालांकि परिवार के लोग इस मुद्दे पर कुछ भी बोलने से परहेज कर रहे हैं। इलाके के लोगों का बताना है कि दोनों में बचपन से ही प्यार था। इस बीच लड़की की शादी उसके परिवार वालों ने दरभंगा में तय कर दी थी। छठ बाद तिलक समारोह का आयोजन था। लोगों का कहना है कि लड़की इस शादी को लेकर तैयार नहीं थी। परिवार के लोग गांव में ही शादी को लेकर राजी नहीं थे। इस कारण दोनों ने अपना जीवन समाप्त कर लेने का ही फैसला लिया। परिवार के लोगों ने बताया कि लड़का और लड़की आसपास के ही रहने वाले हैं। दोनों रात करीब 10 बजे से अचानक घर से लापता हो गए थे। परिवार के लोग दोनों की खोजबीन कर ही रहे थे, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। सुबह लोगों को जानकारी मिली कि धनहर रेलवे गुमटी के पास लड़का और लड़की का शव पड़ा हुआ है । परिवार के लोग वहां पहुंचे तो देखा कि वह उन्हीं के पुत्र और पुत्री हैं। इसके बाद पारिवार के लोगों के बीच कोहराम बच गया। इस बीच घटना की सूचना पर पहुंची वारिसनगर थाने की पुलिस ने प्रेमी युगल का शव जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है। घटना को लेकर अभी प्राथमिक दर्ज नहीं कराई गई है। थानाध्यक्ष निरंजन कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

About Post Author