December 24, 2025

महाराष्ट्र पुलिस ने गोपालगंज से साइबर ठग महिला को किया गिरफ्तार, 4 करोड़ से अधिक ठगने का आरोप

  • पति से तलाक के बाद साइबर फ्रॉड की दुनिया में आई…हरियाणा में पहले भी हुई गिरफ्तार…नेटवर्क की तलाश जारी

गोपालगंज। महाराष्ट्र पुलिस ने गोपालगंज से साइबर फ्रॉड सानिया को गिरफ्तार किया है। सानिया पर पुणे के एक कारोबारी से 4 करोड़ 6 लाख ठगने का आरोप है। गोपालगंज के थावे थाना क्षेत्र के लोहर पट्टी गांव से महाराष्ट्र पुलिस ने स्थानीय थाना पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर महिला को गिरफ्तार किया है। सानिया उर्फ गुड़िया सिद्दीकी के खिलाफ पुणे के साइबर थाने में फ्रॉड करने का मामला दर्ज कराया गया है। थानाध्यक्ष धीरज कुमार ने बताया ‘पुणे महाराष्ट्र थाने में 4 करोड़ छह लाख रुपए की साइबर फ्रॉड करने वाली सानिया से पूछताछ के बाद महाराष्ट्र पुलिस को सौंप दिया गया है।’ पुलिस का कहना है ‘सानिया ने सीवान के नुरुहाता में शादी की थी, लेकिन पति से तलाक लेकर वो साइबर फ्रॉड की दुनिया में आ गई और ठगी करने लगी।’
पहले हरियाणा से हुई थी गिरफ्तार
बताया जा रहा है कि सानिया न्याति इंजीनियर्स एंड कंसल्टेंट्स कंपनी से फ्रॉड कर बैंक अकाउंट से चार करोड़ छह लाख रुपए लेकर फरार हो गई थी। जिसके बाद पुणे के साइबर थाने में कंपनी के जीएम सागर जयंतीलाल बोरा ने एफआईआर दर्ज कराई थी। मामला दर्ज होने के बाद महाराष्ट्र पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू करते हुए 21 फरवरी 2024 को सानिया को हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार किया था, लेकिन सानिया चकमा देकर फरार हो गई थी। उसने जिले के थावे थाना क्षेत्र के लोहरपट्टी में आकर शरण ली थी।
दुरंतो एक्सप्रेस में पुलिस को चकमा देकर हुई थी फरार
महाराष्ट्र पुलिस ने बताया कि साइबर फ्रॉड करने वाली महिला शातिर है। फरीदाबाद से गिरफ्तारी के बाद पुणे जाने के दौरान सानिया भाग गई थी। दुरंतो एक्सप्रेस में पुलिस को चकमा देकर ट्रेन में हथकड़ी सरका कर कूदकर फरार हो गई थी। जिसके बाद एक अफसर समेत 6 पुलिस वाले सस्‍पेंड हुए थे। अब दूसरी बार गिरफ्तार होने के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच पुलिस उसे महाराष्ट्र लेकर जा रही है। साथ ही महाराष्ट्र और गोपालगंज पुलिस इसके गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है और इनकी पहचान करने के साथ ही छापेमारी कर रही है।

You may have missed