October 28, 2025

सुपौल में 10 दिनों से लापता सीएसपी संचालक का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

सुपौल। सुपौल जिले के पिपरा थाना इलाके से बीते 20 अक्टूबर से लापता सीएसपी संचालक का शव उनके ही घर के सामने 200 मीटर की दूरी पर बगान में मिला। शव सड़ रहा था। बदबू के कारण लोगों को लाश के बारे में पता चला। जिसके बाद सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को मिट्टी से निकलवाया। परिजनों ने शव की शिनाख्त की। मृतक की पहचान पिपरा थाना अंतर्गत रामपुर पंचायत के राजपुर वार्ड नं.-2 निवासी मिश्रीकांत यादव के पुत्र संजीव कुमार राजीव के रूप में हुई। मृतक के पिता मिश्रीकांत यादव सरकारी रिटायर्ड शिक्षक हैं। उनका बेटा राजपुर गांव में ही सेंट्रल बैंक आफ इंडिया का सीएसपी संचालक के रूप कार्य किया करता था। मृतक के परिजन संतोष कुमार ने कहा कि रोज की तरह वह बीते 20 अक्टूबर को भी शाम करीब 7:00 बजे घर पहुंचा और 9:30 बजे खाना खाकर अपने कमरे में चला गया। घर वालों को यह लगा कि वह रोज कि तरह टहलकर घर के कमरे में वापस आकर सो जाएगा। लेकिन 21 अक्टूबर की सुबह जब उसकी मां और पिता उसके कमरे की तरफ गए, तो देखा घर का कमरा खुला हुआ था और वह गायब था। घर वालों ने आसपास पहले काफी खोजबीन की और रिश्तेदारों के यहां भी ढूंढ़ा लेकिन नहीं मिला। ऐसे में परिजनों ने लिखित शिकायत देने से पहले पिपरा थाने को मौखिक जानकारी दी। परिजनों ने अपहरण की आशंका जाहिर करते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ पिपरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। वहीं, पुलिस खोजबीन में ही जुटी थी। ऐसे में रविवार की रात करीब 9:00 बजे गांव के ग्रामीणों को संजीव कुमार राजीव के घर के सामने शव दिखा। जिसकी सूचना ग्रामीणों ने पिपरा थाने की पुलिस को दी। मृतक अब तक कुंवारा था। परिवार वालों को आशंका है कि गांव के ही किसी व्यक्ति के द्वारा इस घटना को अंजाम दिया गया है। पिपरा थाना अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने कहा कि 20 अक्टूबर से 28 वर्षीय संजीव कुमार राजीव लापता था। फिलहाल मामले में परिजनों के आवेदन पर अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज है। शव घर के सामने एक बागान से मिला है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। हत्या क्यों और किस कारण हुई। इन तमाम बिंदुओं पर पुलिस अनुसंधान कर रही है।

You may have missed