छपरा में 3 साल की बच्ची के साथ स्कूल में हैवानियत, तबीयत बिगड़ी तो राज खुला, प्रिंसिपल समेत तीन गिरफ्तार
छपरा। छपरा में 3 साल की बच्ची के साथ स्कूल में रेप का मामला सामने आया है। वारदात 10 दिन पहले की है, बच्ची की तबीयत बिगड़ने के बाद उसकी मां उसे अस्पताल ले गई। तब डॉक्टर ने शारीरिक शोषण की बात कही। जिसके बाद ये मामला खुला। मामला काशी बाजार स्थित जेडी पब्लिक स्कूल से जुड़ा है। पीड़िता की मां ने टाउन थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला और उसके परिजनों ने पुलिस पर रिपोर्ट दर्ज करने में देरी का आरोप लगाया। साथ ही एसपी से मिलने की मांग की। इस दौरान मौके पर भीड़ जुट गई और लोग हंगामा करने लगे। मामले को शांत कराने के लिए पुलिस ने हल्का बल का प्रयोग किया। पीड़ित मासूम की मां के आरोप पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। स्कूल बस के कंडक्टर पर आरोप है। पुलिस ने प्रिंसिपल, कंडक्टर समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना के बारे में जानकारी देते हुए एसडीपीओ राजकिशोर सिंह ने बताया कि बुधवार के देर शाम लड़की की मां और मामा ने फोन करके घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्कूल में किसी व्यक्ति ने नाबालिग लड़की के साथ फिजिकल असॉल्ट किया है। घटना 10 दिन पहले हुई है। बच्ची की मां ने बताया कि 10 दिन पहले वो स्कूल से लंगड़ाते हुए घर आई थी। हमें लगा कि पैर में चोट लगी होगी। उसके कपड़ों में खून लगा था, लेकिन मैंने इस ओर ध्यान नहीं दिया। बाद में देखा तो बच्ची सोते हुए भी डर रही थी। बार-बार पूछने पर उसने बताया कि उसके इंटरनल पार्ट में दर्द हो रहा है। जिसके बाद मैं उसे हॉस्पिटल ले गई, जहां डॉक्टर ने कहा कि इसका शोषण हुआ है। उसके बाद हम ने अपने स्तर पर मामले की जांच की। स्कूल पहुंचे और सीसीटीवी चेक किया। बाद में प्रिंसिपल ने स्कूल स्टाफ की एक-एक कर फोटो दिखाई। बच्ची ने एक फोटो की पहचान कर ली है। पूरा मामला खुलने के बाद परिवार ने 1098 को कॉल किया। जिसके बाद पुलिस को इसकी जानकारी मिली। पुलिस ने परिजनों को प्राथमिकी के लिए बुलाया। लेकिन, सभी लोग नगर थाना के गेट पर बैठ गए और देखते देखते लोगों की भीड़ जुट गई और लोग आक्रोशित हो उठे। पुलिस से परिजनों ने बताया कि 10 दिन पहले लड़की स्कूल गई थी। लंगड़ा कर चलती हुई घर आई। परिजनों को शक हुआ तो इलाज करवाया गया। नाबालिग लड़की ने घटना के बारे में बताया। परिजन बच्चे को लेकर स्कूल गए। प्रिंसिपल ने कर्मी का फोटो दिखाया, तो लड़की ने पहचान लिया।


