दीघा में ऑटो स्टैंड के वर्चस्व को लेकर अपराधियों ने दो लोगों को मारी गोली, अस्पताल में भर्ती
पटना। दीघा थाना क्षेत्र के रामजिचक ऑटो स्टैंड में बाइक से 3 की संख्या में आए अपराधियों ने 2 लोगों को गोली मार कर घायल कर दिया। पुलिस ने दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। घायलों की पहचान नीरज और राजू बताया जा रहा है। नीरज का अपराधिक इतिहास भी रहा है। अपराधियों ने नीरज को 5 तो राजू को 2 गोली मारी। वहां से जेपी सेतु होते हुए फरार हो गए। ऑटो स्टैंड के पास बना छोटा सा मंदिर अपराधियों का अड्डा बन गया है। दिन भर ज्यादातर शाम को कई लड़के यहां आते हैं। बैठकी लगाते हैं। अक्सर ऑटो निकलने को लेकर बवाल होते रहता है। इसी जगह बैठकी को लेकर 3 दिन पहले भी कुछ लड़कों में लड़ाई हुई थी। लेकिन मामला शांत हो गया। मंदिर के पास लगे ऑटो में नीरज और राजू बैठे थे। वहीं पर एक बाइक से सवार 3 लोग पहुंचे। एक अपराधी सड़क पर ही बाइक पर रुका रहा। दो मंदिर के पास लगे ऑटो के पास पहुंचे और गोली चलाने लगे। गोली चलने की आवाज सुन कर वहां मौजूद सभी लोग इधर-उधर भागने लगे। इसी बीच अपराधी भी फरार हो गए। जख्मी व्यक्यिों का नाम नीरज कुमार है। रामजीचक का रहने वाला है। नीरज कुमार उर्फ का पूर्व में अपराधिक इतिहास रहा है। 2022 में जेल से बाहर आया है। नीरज के उपर दीघा थाना में 5 संगीन मामले दर्ज हैं। इसमें हत्या, हत्या का प्रयास, गोली चलाने, रंगदारी जैसे मामले शामिल है। वहीं राजू कुमार, पिता रविन्द्र राय, पता- नासरीगंज, थाना दानापुर, का रहने वाला है। दोनों जख्मी अस्पताल में हैं। दीघा के एसडीपीओ दिनेश कुमार पांडे ने बताया कि यह मामला प्रथम दृष्टा आपसी रंजिश का लग रहा है। घटना को अंजाम देने वाले को घायल जानते थे। घटना स्थल पर कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा हुआ है। पुलिस अपराधियों की पहचान के लिए घटना के समय मेन रोड और जेपी पुल पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालेगी। पुलिस नीरज और राजू का स्वस्थ होने के बाद बयान लेगी। अभी तक पुलिस को कोई चश्मदीद नहीं मिला है। इस वजह से घायलों का बयान लेना जरूरी है।


