PATNA : राजेंद्र नगर में बाइक सवार अपराधियों ने युवक को गोली मारकर किया घायल, कई राउंड फायरिंग से इलाके में दहशत

राजेंद्रनगर, पटना। राजधानी पटना के राजेंद्र नगर इलाके में बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी है। इसके पहले उसके साथ जमकर मारपीट की गई। साथ ही इलाके में दहशत फैलाने के लिए बदमाशों ने कई राउंड हवाई फायरिंग भी की। गोलीबारी की यह वारदात पटना में कदमकुआं थाना के तहत राजेन्द्र नगर इलाके की है। जिस युवक को गोली मारी गई है, उसका नाम अभिषेक है। गोली इसके पैर में लगी है। इस कारण यह गंभीर रूप से घायल है। इलाज के लिए इसे कंकड़बाग के एक हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। घायल अभिषेक राजेन्द्र नगर के ही रोड नंबर 7-C का रहने वाला है। दरअसल, राजेन्द्र नगर में वैशाली गोलंबर के पास हैंडलूम भवन है। बुधवार की रात अभिषेक अपने साथियों के साथ वहीं बैठा हुआ था। वहीं पर अलग-अलग बाइक से आए 5-6 बदमाशों ने पहले उसके साथ मारपीट की।
सैदपुर हॉस्टल से जुड़े हैं हमले के कनेक्शन, सीसीटीवी की जांच कर रही पुलिस
जानकारी के अनुसार, अभिषेक को बचाने आए उसके दोस्तों को भी बदमाशों ने जमकर पीटा। जब बात काफी आगे बढ़ गई तो फिर एक बदमाश ने अपने पास से पिस्टल निकाला। पहले हवाई फायरिंग की। फिर अभिषेक को उसके पैर में गोली मारकर सभी बदमाश वहां से फरार हो गए। वही बताया जा रहा हैं की इस वारदात का कनेक्शन सैदपुर हॉस्टल से जुड़ा है। दरअसल, दो दिन पहले भी इसी जगह सैदपुर हॉस्टल के कुछ लड़कों से अभिषेक का विवाद हुआ था। अगले दिन सुलह भी हो गई थी। लेकिन, बुधवार को फिर मसला उठ गया। इसके बाद बाइक सवार बदमाश पहुंच गए और वारदात को अंजाम दे दिया। इस मामले पर थानेदार विमलेन्दु कुमार ने बताया कि उनकी टीम छानबीन कर रही है। बदमाशों की पहचान के लिए आसपास के CCTV को खंगाल रही है।

About Post Author

You may have missed