स्कूल जा रहे शिक्षक को अपराधियों ने मारी गोली, लूटपाट के दौरान वारदात से मचा हड़कंप
पटना, (अजीत)। राजधानी पटना में अपराधियों का दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार की सुबह अगमकुआं थाना क्षेत्र में बदमाशों ने स्कूल जा रहे एक शिक्षक को लूटपाट के दौरान गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल शिक्षक को आनन-फानन में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। घायल शिक्षक की पहचान 48 वर्षीय शंभू कुमार के रूप में हुई है, जो नालंदा जिले के चंडी स्थित एक सरकारी विद्यालय में कार्यरत हैं। बताया जाता है कि वह रोज की तरह सुबह घर से तैयार होकर स्कूल जाने निकले थे। नेशनल हाईवे के पास वाहन पकड़ने के लिए पैदल जा रहे थे, तभी नरल पेट्रोल पंप और मिश्रा वैली स्कूल के समीप बाइक सवार दो अपराधियों ने उन्हें रोक लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाश शिक्षक से बैग और मोबाइल छीनने लगे। शिक्षक द्वारा विरोध करने पर अपराधियों ने बेहद करीब से गोली चला दी। गोली गले के नीचे जा लगी, जिससे वह सड़क पर ही गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी उनका सामान लेकर फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल शिक्षक को तुरंत निजी नर्सिंग होम पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। घायल शिक्षक की पत्नी अंजली कुमारी ने बताया कि उनके पति का किसी से कोई विवाद नहीं था। सुबह घर से नाश्ता कर वह हमेशा की तरह स्कूल के लिए निकले थे। करीब एक घंटे बाद पुलिसकर्मी घर पहुंचे और घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। अगमकुआं थाना पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला लूटपाट के दौरान गोलीबारी का लग रहा है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि सुबह के समय भी नेशनल हाईवे पर अपराधी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं, जिससे आम लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।


