बेतिया में अपराधियों ने प्रॉपर्टी डीलर को मारी गोली, वारदात के बाद फरार, छापेमारी जारी
बेतिया। बिहार के बेतिया जिले में अपराधियों ने एक बार फिर बेखौफ होकर दिनदहाड़े एक वारदात को अंजाम दिया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह बाइक सवार दो बदमाशों ने एक प्रॉपर्टी डीलर को गोली मार दी। गोली लगने से घायल व्यक्ति की पहचान बरवत परसाइन वार्ड 37 निवासी सुरेश यादव के रूप में हुई है, जो वर्तमान में गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाजरत हैं।
शादी का कार्ड बांटने जा रहे थे पीड़ित
घटना उस वक्त घटी जब सुरेश यादव अपनी बेटी सुषमा कुमारी की शादी का कार्ड बांटने निकले थे। उनकी बेटी की शादी आगामी पांच मई को होनी है। लेकिन इससे पहले ही गोड़वा टोला के पास बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाते हुए गोली चला दी। उनके बाएं सीने पर दो गोलियां लगी हैं, जिससे उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
वारदात के बाद अपराधी फरार
घटना को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की गई। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी लेन-देन और प्रॉपर्टी डीलिंग से जुड़ा हुआ लगता है। घायल के बेटे ने योगापट्टी के रहने वाले रमेश महतो और बीरबल प्रसाद पर गोली चलाने का आरोप लगाया है।
एक से डेढ़ करोड़ की हेराफेरी का आरोप
सुरेश यादव के पुत्र का कहना है कि दोनों आरोपितों ने उनके पिता के साथ प्रॉपर्टी डीलिंग के व्यवसाय में एक से डेढ़ करोड़ रुपये की हेराफेरी की है। जब उनके पिता ने इसका विरोध किया तो उन्हें गोली मार दी गई। पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
अस्पताल में नाराज परिजनों ने किया हंगामा
घटना की खबर मिलते ही सुरेश यादव के परिजन अस्पताल पहुंचे, लेकिन एक्स-रे और इलाज में देरी को लेकर वे नाराज हो गए। नाराज स्वजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा कर दिया, जिससे वहां अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस को मौके पर बुलाया गया, जिसने हालात को नियंत्रण में लाया।
पुलिस कर रही छापेमारी
एसडीपीओ विवेक दीप ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।


