PATNA : सिविल कोर्ट के मजिस्ट्रेट की पत्नी की संदिग्ध मौत; परिवार वालों ने दहेज हत्या का लगाया आरोप, केस दर्ज
मृतका की फाइल फोटो
पटना। राजधानी पटना से सटे दानापुर में दहेज की खातिर ससुरालवालों पर एक विवाहिता की हत्या कर देने का मामला सामने आया है। इलाज के दौरान राजा बाजार पारस अस्पताल में गुरूवार देर रात को विवाहिता की मौत हो गयी है। मृतका चांदनी चन्दा पटना सिविल कोर्ट के मजिस्ट्रेट प्रतीक शेल की पत्नी थीं, मृतका के मायके वालों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। बताया जाता है कि पटना के आर्य समाज रोड एसके पूरम निवासी अशोक कुमार ने अपनी पुत्री चांदनी चंदा की शादी आलमगंज थाने के पश्चिमी बंजरगपुरी गायघाट निवासी शैलेंद्र कुमार के पुत्र प्रतीक शेल के साथ 11 मई 22 को हिंदू रीति रिवाज के साथ की थी। दर्ज प्राथमिकी में आशोक ने बताया कि शादी के बाद से ही ससुरालवालों द्वारा दहेज के लिए मारपीट कर बेटी को प्रताड़ित किया जाता था।
तबीयत खराब होने के बाद अस्पताल में भर्ती
मृतका के पिता अशोक कुमार ने बताया कि 14 अगस्त को सूचना मिली कि मेरी पुत्री का तबीयत खराब है। सूचना मिलने के बाद हमलोग ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करने को कहा, लेकिन 15 अगस्त को बाइपास में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां ठीक नहीं होने पर पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान गुरूवार दोपहर में उसकी मौत हो गयी। मौत के बाद शव को चांदनी के पिता ने दानापुर ले आये। वहीं, मौत की सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। दानापुर थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका के पति प्रतीक शेल पटनासिटी सिविल कोर्ट में न्यायिक दंडाधिकारी के पद पर कार्यरत है और अपने पद को लेकर बराबर धमकी देता था। पिता ने पुत्री की दहेज की खातिर हत्या कर देने का आरोप लगाया है। मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।


