कोरोना का दंश : बिहार में पहली बार मिले 12,222 संक्रमित, देश में 2.95 लाख से अधिक नए मामले

पटना। बिहार में कोरोना संक्रमण अब पहले से कहीं ज्यादा तेजी से पांव पसार रहा है। राज्य में कोरोना के मामले रिकॉर्ड बना रहे हैं। बुधवार को राज्य में रिकार्ड 12,222 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। जिससे शासन-प्रशासन में हड़कंप मच गया है। इससे पहले मंगलवार को 10,455 मरीज मिले थे। राज्य में जहां नए कोरोना मरीजों की संख्या प्रतिदिन बढ़ती जा रही है, वहीं चिंता करने वाली बात यह है कि कोरोना मरीजों के रिकवर होने की संख्या में कमी आ रही है। ऐसे में बिहार में लॉकडाउन लगाने के सिवा दूसरा कोई चारा नहीं है।
बिहार स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, सूबे में पिछले 24 घंटे में 12,222 नए कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई है। पटना सहित सात जिलों में 500 से अधिक नए संक्रमित मिले हैं। पटना में सर्वाधिक 2919 नए कोरोना संक्रमितों मिले हैं। जबकि औरंगाबाद में 500, बेगूसराय में 587, भागलपुर में 526, गया में 861, सारण में 636 और पश्चिमी चंपारण में 516 नए कोरोना संक्रमितों की पहचान की गई। राज्य में एक दिन में 1 लाख 5 हजार 380 सैंपल की जांच की गई।
देश में 2023 लोगों की मौत
अगर हम बात करें देश की तो भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2,95,041 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1,56,16,130 हो गई है। जबकि 2,023 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 1,82,553 हो गई है। देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 21,57,538 है और डिस्चार्ज हुए मामलों की कुल संख्या 1,32,76,039 है। देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस की 29,90,197 वैक्सीन लगाई गईं, जिसके बाद कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 13,01,19,310 हो गया है।

You may have missed