February 22, 2026

पेगासस स्पाईवेयर की खरीद के विरोध में युवा कांग्रेस ने फूंका PM मोदी का पुतला, कहा- अलोकतांत्रिक जालसाजी का जवाब दें

पटना। राजधानी पटना के कारगिल चौक पर पेगासस स्पाईवेयर की खरीद के विरोध में बिहार युवा कांग्रेस के अध्यक्ष गुंजन पटेल के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला दहन किया गया। इसके साथ बिहार के सभी जिला मुख्यालय में पीएम मोदी का पुतला दहन किया गया। प्रदर्शन में सैकड़ों युवा कार्यकर्ता नरेन्द्र मोदी मुर्दाबाद, पेगासस की जासूसी करना बंद करो का नारे लगा रहे थे।
इस मौके पर श्री पटेल ने कहा कि देश में बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है, लेकिन मोदी सरकार आम जनता की सुध लेने के बजाय सत्ता का दुरूपयोग कर पेगासस से विपक्ष के नेताओं और पत्रकारों की जासूसी करा रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार इस मुद्दे को उठाते रहे लेकिन सरकार उक्त स्पाइवेयर की खरीदारी से इंकार करती रही लेकिन अब जब न्यूयार्क टाइम्स के लेख से यह स्पष्ट हो चुका है कि भारत द्वारा इजराइल से रक्षा डील में पेगासस की भी खरीदारी की गई। संसद में मोदी सरकार की इस अलोकतांत्रिक जालसाजी का जवाब देना चाहिए।
पुतला दहन कार्यक्रम में मुख्य रूप से पटना महानगर अध्यक्ष मुकुल यादव, प्रदेश महासचिव मो. अरफराज साहिल, विकास झा, सूरज कुमार, चैधरी चरण सिंह, प्रभात कुमार चंद्रवंशी, पूनम यादव, विशाल यादव सहित दर्जनों युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

You may have missed