कुंतल कृष्ण ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता छोड़ी : बोले- जिस ने कांग्रेस को कमजोर किया उसके अगुवाई में विपक्षी दलों की बैठक क्यों?

पटना। लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी दलों की बैठक राजधानी पटना में 23 जून को होनी है। बीजेपी को केंद्र से उखाड़ फेकने के लिए इस बैठक में चर्चा हो सकती है। हालांकि, नीतीश को इस बैठक से पहले बड़ा झटका लगा है। बता दे की महागठबंधन में शामिल रही ‘हम’ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार सुमन ने बिहार सरकार में मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। अब महागठबंधन से भी खुद को अलग कर लिया। वही अब कांग्रेस प्रवक्ता कुंतल कृष्ण ने कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सहित कांग्रेस की सदस्यता से अपना इस्तीफा दे दिया है। कुंतल कृष्ण ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि जिन लोगों ने बिहार में कांग्रेस को जमींदोज करने में कोई कसर नहीं छोड़ा वे विपक्ष की अगुवाई करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने वर्षों तक कांग्रेस विरोध की राजनीति की। इससे कांग्रेस का हर कार्यकर्ता आहत है। इसी कारण से आलाकमान को अपना इस्तीफा भेजा है। उन्होंने कहा कि 25 साल के राजनीतिक करियर की मैंने कुर्बानी दे दी है। मुझे उम्मीद है कि राहुल गांधी व मल्लिकार्जुन खड़गे आम कार्यकर्ताओं की पीड़ा समझेंगे। उन्होंने कहा कि भारत की राजनीति में दो ही धुरी हैं। एक जो सत्ता में है दूसरी धुरी के केन्द्र में कांग्रेस है। लेकिन, बिहार में ऐसे षडयंत्र की शुरुआत हो रही है जिसमें कांग्रेस की अगुवाई की धुरी को ऐसे लोग नेतृत्व देने की बात कर रहे हैं जिन्होंने जिंदगी भर कांग्रेस के विरोध की राजनीति की है। वे आज कांग्रेस के साथ सरकार चला रहे हैं और कांग्रेस की लीडरशिप की तरह खुद को उभारने की कोशिश कर रहे हैं। जिस पार्टी के पास एक भी सांसद नहीं है वह नीतीश कुमार को PM बनाने की मुहिम चला रही है।
क्या बोले राजेश राठौड़
वही बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता राजेश राठौड़ ने कहा है कि कुंतल कृष्णा ने पत्रकारों के माध्यम से लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा करने की कोशिश की है। वो पिछले कई महीनों से पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल थे। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान उनको दो जिलों की जिम्मेदारी दी गई थी। इसके बाद उन्होंने अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई‌। पार्टी ने उसी समय दिसंबर 2022 में उनको सभी तरह की जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया था। राजेश राठौड़ ने कहा की बिहार में चली भारत जोड़ो यात्रा के दौरान ही वो पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल हो गए थे। पार्टी उनसे किसी तरह का काम नहीं ले रही है। बार-बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद जब उनके रवैए में सुधार नहीं हुआ तो 2023 के शुरुआत में ही उनके सदाकत आश्रम आने पर रोक लगा दी गई। अब वो अनावश्यक रूप से खुद को कांग्रेस प्रवक्ता बता रहे हैं।

About Post Author

You may have missed