कांग्रेस सदस्यता मेगा अभियान की विधिवत शुरूआत : बिहार में 25 लाख सदस्यों को जोड़ेगी कांग्रेस

पटना। बिहार कांग्रेस कमिटी द्वारा प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में सोमवार को मेगा सदस्यता अभियान की विधिवत शुरूआत की गई। अभियान का विधिवत शुभारंभ करते हुए प्रदेश सदस्यता प्रभारी ब्रजेश प्रसाद मुनन ने अभियान के निर्देशों से कांग्रेसजनों को अवगत कराया। जिसके पश्चात बिहार कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चंदन बागची ने प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा को प्रथम सदस्यता की रसीद दी। इसके पश्चात मदन मोहन ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चंदन बागची को कांग्रेस का द्वितीय प्राथमिक सदस्य बनाया। जिसके बाद वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार, कार्यकारी अध्यक्ष कौकब कादरी, विधान पार्षद प्रेमचंद मिश्र, विधायक विजय शंकर दूबे, इजहारुल हुसैन, राजेश राम, मीडिया विभाग के अध्यक्ष राजेश राठौड़, पूर्व विधायक गजानंद शाही, पूर्व विधान पार्षद लालबाबू लाल और अजय कुमार सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री केदार पांडेय की बहु नूतन पांडेय को प्रदेश अध्यक्ष डॉ. झा ने सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर सैंकड़ों कांग्रेसजनों ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर प्रथम महिला सदस्य के रूप में जया मिश्र ने सदस्यता रसीद प्राप्त किया।
साम्प्रदायिक ताकतों को रोकने का माद्दा केवल कांग्रेस पार्टी में
डॉ. झा ने सदस्यता दिलाने के बाद कहा कि इस बार बिहार में पिछले 16 लाख सदस्यों से आगे बढ़कर 25 लाख सदस्यों को पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि देश में साम्प्रदायिक ताकतों को रोकने का माद्दा केवल कांग्रेस पार्टी में है। देश की सबसे पुरानी पार्टी से युवाओं को जुड़ने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि देश में विचारधारा की लड़ाई में जिले से लेकर पंचायतों तक में कांग्रेसजनों को जोड़ने का लक्ष्य लेकर सदस्यता अभियान की शुरूआत की गई है।
अभियान को गांवों तक ले जाया जाएगा
पूर्व अध्यक्ष चंदन बागची ने कहा कि सदस्यता अभियान को गांवों तक ले जाया जाएगा ताकि कांग्रेस को पुन: मजबूती से गांव-गांव तक खड़ा किया जा सकें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश को आजादी दिलाई है और देश की आजादी को अक्षुण्ण रखने का काम भी कांग्रेस पार्टी करेगी। इस दौरान पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार ने देश में कांग्रेस की मजबूती को जरूरी बताते हुए कहा कि देश को निर्धारित करना है कि देश के विकास और मजबूती के लिए कांग्रेस से जुड़ना जरूरी है। कांग्रेस पार्टी देश की जरूरत है।
31 मार्च तक चलेगा अभियान
प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़ ने बताया कि सदस्यता अभियान की शुरूआत प्रदेश के सभी जिलों में आज से शुरू की गयी, जिसे ब्लॉक से लेकर पंचायत तक सुचारू रूप से 31 मार्च 2022 तक संचालित की जाएगी। मंच संचालन प्रदेश सदस्यता प्रभारी ब्रजेश प्रसाद मुनन और धन्यवाद ज्ञापन पटना महानगर अध्यक्ष शशि रंजन ने किया। पटना ग्रामीण के अध्यक्ष डॉ. आशुतोष शर्मा ने सदस्यता अभियान में नए सदस्यों के जुड़ने के लिए आवश्यक शर्तों को विस्तार से बताया।

You may have missed