कांग्रेस ने सभी विधायकों को पूर्णिया बुलाया, अखिलेश बोले- भाजपा के 20 विधायक हमारे संपर्क में, हम पूरी तरह एकजुट हैं

पटना। बिहार में जारी सियासी घमासान जारी है। खबरें थीं कि जदयू में नीतीश के खास मंत्री अशोक चौधरी कांग्रेस के कुछ विधायकों को जदयू में लाने की कोशिश कर रहे हैं। इसके बीच कांग्रेस विधायकों को पूर्णिया बुला लिया गया है। खबर ये है कि विधायकों को एक होटल में रोकने की व्यवस्था की गई है। होटल के चयन में भी सावधानी बरती गई है। अखिलेश सिंह ने अपने करीबी के होटल में सभी कांग्रेस विधायकों की व्यवस्था की है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह सभी विधायकों के साथ बैठक करेंगे। वे खुद भी शनिवार को पूर्णिया पहुंचे हैं। सुबह से ही कांग्रेस के विधायक पूर्णिया पहुंच रहे हैं। बताया जा रहा है कि अब तक 4 विधायक यहां पहुंच चुके हैं। कांग्रेस में टूट की खबर के बीच प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने दो टूक कहा है कि किसी भी हालत में पार्टी के विधायक कहीं नहीं जाएंगे। हम लोग पूरी तरह से एकजुट हैं। साथ ही यह भी दावा किया है कि उनके संपर्क में भाजपा के 20 विधायक हैं। अखिलेश प्रसाद सिंह ने यह भी कहा है कि पूर्णिया में ही कांग्रेस के विधायक दलों की बैठक होगी। सियासी उठा पटक के बीच हम लोग अपना काम करते रहेंगे। राजद ने विधानसभा में संख्या बल ज्यादा होने के संबंध में कुछ नहीं कहा है, सिर्फ अफवाह है। बिहार के युवा बड़ी संख्या में कांग्रेस की ऐतिहासिक रैली में 3 फरवरी को पहुंच रहे हैं। रैली में महागठबंधन की मजबूती भी दिखेगी। तेजस्वी समेत वाम दलों के सीनियर नेता पूर्णिया पहुंच रहे हैं। नीतीश कुमार को आमंत्रण दिया गया है। वे आएंगे या नहीं। यह तो वही बता सकते हैं। कांग्रेस विधायकों को तोड़ने की कोशिश में भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी का नाम सामने आ रहा है। नीतीश कुमार से उनकी नजदीकी को हर कोई जानता है। शुक्रवार को पटना में एक कार्यक्रम के दौरान सीएम नीतीश के बगल में डिप्टी सीएम तेजस्वी की कुर्सी लगी थी। वे नहीं पहुंचे थे। इसके बाद अशोक चौधरी खुद से कुर्सी पर से स्टिकर हटाते हुए दिखे। फिर नीतीश कुमार के बगल में बैठ गए थे। अशोक चौधरी का कांग्रेस से पुराना नाता रहा है। कांग्रेस के नेताओं के बीच उनकी अच्छी पैठ भी है। चौधरी के पिता दिवंगत महावीर चौधरी भी कांग्रेस से बड़े नेताओं में शामिल थे। कांग्रेस के बिहार इकाई के अध्यक्ष भी थे।

About Post Author

You may have missed