February 15, 2026

कोरोना वैक्सीन पर सुशील मोदी के बयान से भ्रम की स्थिति : RJD

पटना। राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने कहा है कि राज्यसभा सांसद व बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कोरोना वैक्सीन के एवज में मूल्य चुकाने की बात कह कर लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा कर दी है। सरकार को इस संबंध में स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
राजद प्रवक्ता ने कहा कि 18 वर्ष तक के आयु वालों का वैक्सीनेशन कराने के लिए आज से रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है और 1 मई से उनका वैक्सीनेशन होगा। राज्य सरकार द्वारा मुफ्त वैक्सीनेशन की घोषणा की गई है। लेकिन अब जिस प्रकार सांसद सुशील मोदी का बयान आया है, उससे संशय की स्थिति बन गयी है। सुशील मोदी को भी यह स्पष्ट करना चाहिए कि वे भाजपा प्रवक्ता की हैसियत से कुछ बोलते हैं कि सरकार के प्रवक्ता की हैसियत से। चूंकि अक्सर उनके द्वारा दिए गए बयान से भ्रम की स्थिति पैदा हो जाया करती है। भाजपा और सरकार को भी यह स्पष्ट कर देना चाहिए कि सुशील मोदी आखिर किसके प्रवक्ता की हैसियत से कुछ न कुछ बोलते रहते हैं।
राजद प्रवक्ता ने आगे कहा कि सुशील मोदी को राज्य की इतनी चिंता है तो उन्हें केन्द्र सरकार के सामने जोरदार तरीके से इस मुद्दे को उठाना चाहिए कि जो वैक्सीन केन्द्र सरकार को 150 रुपए में मिल रहा है, वह राज्य को 400 रुपए में क्यों? विधानसभा चुनाव के समय तो प्रधानमंत्री ने स्वयं घोषणा किया था कि बिहार में सभी को मुफ्त में वैक्सीन दी जायेगी। वैसे भी पीएम केयर फंड का पैसा किस दिन काम आयेगा।

You may have missed