आजादी का अमृत महोत्सव : अमर शहीद खुदीराम बोस के स्मरणोत्सव कार्यक्रम का आयोजन

हाजीपुर। आजादी के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत बुधवार को सोनपुर मंडल के खुदीराम बोस रेलवे स्टेशन पर स्वतंत्रता पूर्व भारत के युवा शहीद खुदीराम बोस के स्मरणोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधानसभा उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी तथा सोनपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अनिल कुमार गुप्ता द्वारा शहीद खुदीराम बोस की तस्वीर पर माल्यार्पण कर एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। तत्पश्चात शहीद खुदीराम बोस की जीवन गाथा एवं उनके द्वारा राष्ट्र के लिए किए गए संघर्ष एवं बलिदान पर आधारित देशभक्ति से ओतप्रोत नाटिकाएं प्रस्तुत की गईं। सोनपुर, दानापुर तथा समस्तीपुर मंडल के सांस्कृतिक कार्यक्रम से जुड़ी टीम ने अपनी-अपनी प्रस्तुति दी। इस अवसर पर इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के सौजन्य से शहीद खुदीराम बोस की जीवन पर आधारित एक फोटो प्रदर्शनी भी लगायी गई।


विदित हो कि आजादी का अमृत महोत्सव भारत की स्वाधीनता की 75वीं वर्षगांठ मनाने के लिए भारत सरकार द्वारा आयोजित किए जाने वाले अखिल भारतीय स्तर पर मनाए जाने वाले कार्यक्रमों की एक श्रृंखला है। यह महोत्सव जनभागीदारी की भावना में एक जन-उत्सव के रूप में पूरे देश भर में मनाया जा रहा है।
कार्यक्रम का संचालन पूर्व मध्य रेल के मुख्य कार्मिक अधिकारी (आईआर) एससी श्रीवास्तव द्वारा किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक अनिल कुमार गुप्ता, पूर्व मध्य रेल के प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी जेकेपी सिंह, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार, पूसा कृषि अनुसंधान केंद्र के सेवानिवृत्त प्रोफेसर नवल किशोर चैधरी, एके दत्ता सहित सोनपुर मंडल एवं मुख्यालय के अन्य उच्चाधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।

You may have missed