November 17, 2025

चार चक्का वाहन ने ई-रिक्शा में मारी टक्कर, चार लोग घायल

मसौढ़ी। पटना-गया एसएच-1 पर सड़क दुर्घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। सोमवार को मसौढ़ी के रसीलनाचक मोड़ के पास एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे उसमें सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।इस दुर्घटना के बारे में स्थानीय राजद युवा प्रखंड अध्यक्ष संजीव कुमार सुमन ने बताया कि रसीलनाचक मोड़ पर सड़क हादसे आम हो गए हैं। इसी जगह पर सोमवार सुबह एक बाइक सवार भी दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस मोड़ पर यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए एक गोलंबर का निर्माण किया जाए। उनका मानना है कि ऐसा करने से दुर्घटनाओं की संख्या में कमी आएगी और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी। रसीलनाचक मोड़ पर आए दिन हो रही दुर्घटनाओं का मुख्य कारण तेज रफ्तार और अव्यवस्थित यातायात बताया जा रहा है। यह मार्ग पटना-गया को जोड़ने वाला एक प्रमुख राजमार्ग है, जिस पर भारी वाहन और तेज गति से चलने वाली गाड़ियां अक्सर दुर्घटनाओं का कारण बनती हैं। स्थानीय लोग कई बार प्रशासन से यहां यातायात सुधारने की मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इस घटना ने फिर से सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन को चाहिए कि वह जल्द से जल्द इस स्थान पर यातायात सुधारने के लिए आवश्यक कदम उठाए ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाएं रोकी जा सकें और लोगों की जान बचाई जा सके।

You may have missed