February 20, 2026

पटना में मौसम में बदलाव से प्रदेश में बढे सर्दी जुकाम के मामले, शुरुआती ठंड से लोग हो रहे बीमार

पटना। पटना समेत पूरे बिहार में बदलते मौसम का असर स्वास्थ्य पर साफ दिखने लगा है। तापमान में गिरावट और शुरुआती ठंड के चलते सर्दी-जुकाम के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। खासकर छोटे बच्चे और बुजुर्ग इससे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। सुबह-शाम की ठंडी हवाएं और दिन में हल्की गर्मी का यह मौसम कई लोगों के लिए स्वास्थ्य समस्याएं लेकर आ रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि अचानक बदलते तापमान और अनियमित मौसम के कारण शरीर का तापमान संतुलन बिगड़ जाता है। इस स्थिति में लोग सर्दी-जुकाम, गले में खराश, बुखार और खांसी जैसी बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली वाले लोग, विशेषकर बच्चे और बुजुर्ग, इन बीमारियों से ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। वहीं मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 3 दिनों तक तापमान में कोई विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है। सुबह के समय उत्तरी व पूर्वी भागों में मध्यम दर्जे के कोहरे का प्रभाव रहेगा। वहीं राजधानी पटना सहित अन्य जिलों में हल्के दर्जे का कोहरा छाए रहने की संभावना है। दिन में धूप निकलने के साथ आसमान साफ रहेगा। पटना सहित आसपास के इलाकों में सुबह के समय धुंध का प्रभाव बना रहेगा, तराई वाले इलाकों में मध्यम दर्जे का कोहरा छाए रहने का अनुमान है। दिन में धूप निकलने के कारण मौसम सामान्य बना रहा। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, दो दिनों के बाद पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव बंगाल की खाड़ी के ऊपर बनने के आसार हैं। इनके कारण प्रदेश में ठंडी हवा के प्रवाह से तापमान में गिरावट आने के साथ ठंड में वृद्धि की संभावना है। वही पछुआ के प्रवाह से पटना समेत प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा। तीन दिनों के दौरान उत्तरी एवं पूर्वी भागों में मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहेगा। पटना सहित अन्य जिलों में सुबह के समय धुंध व कोहरे का प्रभाव बना रहेगा। गुरुवार को पटना सहित 26 जिलों के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शुरुआती ठंड का यह समय न केवल मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ाता है, बल्कि अनदेखी करने पर स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकता है। सावधानी और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर इन समस्याओं से बचा जा सकता है। सरकार और स्वास्थ्य विभाग को भी इस मौसम में जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है।

You may have missed