CM नीतीश ने पटना, नालंदा एवं नवादा जिले के बाढ़ प्रभावित कई इलाकों का जायजा लिया, राहत कार्य को लेकर दिये निर्देश

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शलिवार को चक्रवाती तूफान के कारण बाढ़ जैसे हालात को देखते हुये पटना, नालंदा एवं नवादा जिले के प्रभावित कई इलाकों का सड़क मार्ग से जायजा लिया। लगभग छह घंटे तक मुख्यमंत्री ने प्रभावित इलाकों का दौरा किया और ग्रामीणों से स्थिति की जानकारी ली।
बेलछी में पैदल जाकर बाढ़ की स्थिति का जायजा
मुख्यमंत्री ने पटना जिले के बेलछी प्रखंड के भीखोचक दरियापुर गांव में पैदल जाकर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों से बात कर उनके सुझाव भी लिये और अधिकारियों को गांव के पास जलजमाव की स्थिति का स्थायी समाधान हेतु आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।


बिंद और कतरीसराय में लिया तटबंध का जायजा
उसके बाद मुख्यमंत्री ने नालंदा के बिंद के पास जिराइन और कुम्हरी नदी में आई उफान के कारण टूटे हुए तटबंध का स्थल पर पैदल जाकर निरीक्षण किया। वहां के ग्रामीणों की समस्याओं को भी मुख्यमंत्री ने गौर से सुना और इसके तत्काल समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिये। वहीं सीएम नीतीश कतरीसराय में सकरी नदी के कारण आसपास के इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से बातचीत की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान हेतु समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।


नवादा में पंचाने/धनार्जय नदी का जायजा
मुख्यमंत्री ने नवादा जिले के नारदीगंज प्रखंड के अंतर्गत पंचाने/धनार्जय नदी के बढ़े हुये जलस्तर का भी जायजा लिया। पटना लौटने के क्रम में मुख्यमंत्री ने रहुई प्रखंड अंतर्गत डिहरा पुल से पंचाने नदी के बढ़ते जलस्तर को देखा और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से बातचीत की। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि यहां चार-पांच गांव नदी के बढ़े जलस्तर के कारण पूरी तरह प्रभावित हुये हैं। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी नालंदा को अविलंब सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि वे नालंदा एवं नवादा के बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लेने आये हैं। इस संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों की मदद के लिए जो भी जरुरी इंतजाम हैं, वे सभी किये जायेंगे।
ये रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा, सांसद कौशलेन्द्र कुमार, विधायक जीतेन्द्र कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जल संसाधन विभाग के सचिव संजीव हंस, पटना प्रमंडल आयुक्त संजय कुमार अग्रवाल, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, नालंदा के जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक हरि प्रसाथ एस. सहित अन्य वरीय पदाधिकारी एवं अभियंता उपस्थित थे।

You may have missed