मां दुर्गा पर राजद विधायक के विवादित बयान पर अपना स्टैंड स्पष्ट करें मुख्यमंत्री : नित्यानंद राय
पटना। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बयान जारी कर कहा कि राजद विधायक फतेह बहादुर सिंह ने मां दुर्गा पर अभद्र टिप्पणी की है। उसकी जितनी निंदा की जाए, कम है। इसी के साथ उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव से प्रश्न किया कि वे बताएं कि मां दुर्गा के लिए अपशब्द उन्हें कितने अच्छे लगे और कितने बुरे। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति और देवी-देवताओं का अपमान करना राजद-कांग्रेस सहित घमंडिया गठबंधन की आदत बन चुकी है। पूरब से लेकर पश्चिम और उत्तर से लेकर दक्षिण तक इन लोगों ने सनातन को कुष्ठ रोग से लेकर जानलेवा वायरस और पैरासाइट तक बोला है। नित्यानंद राय ने कहा कि ऐसे ही लोगों को नीतीश-तेजस्वी का आशीर्वाद प्राप्त होता रहता है। कभी हिंदू देवी-देवताओं पर, कभी सनातन धर्म पर और कभी श्रीरामचरितमानस पर टिप्पणी करना इनकी बीमार मानसिकता का परिचायक है। ऐसी टिप्पणियां तुष्टीकरण के लिए की जा रही हैं। बिहार के रोहतास जिले के डेहरी से आरजेडी विधायक फतेह बहादुर सिंह ने एक बार फिर से मीडिया के सामने मां दुर्गे पर अभद्र टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि मैं उन लोगों से पूछना चाहता हूं, जिन्होंने लिखा है कि मां दुर्गा ने करोड़ों महिषासुर की सेना से युद्ध किया और उसका वध किया। लेकिन जब ब्रिटिश सरकार ने भारत को गुलाम बना लिया था तब मां दुर्गा क्या कर रही थीं। दस भुजाओं वाले हथियार कहां थे। उस समय नए-नए हथियारों का आविष्कार हुआ था तो मां दुर्गा ने ब्रिटिश सरकार का वध क्यों नहीं किया। इससे पहले बीते गुरुवार को भी राजद विधायक फतेह बहादुर ने महिषासुर को बहुजनों का नायक बताया था।


