CM नीतीश की समाज सुधार यात्रा 22 दिसंबर से, सभी तैयारियां पूरी : मंत्री
पटना। जदयू कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री सुमित कुमार सिंह ने कार्यकर्ताओं की शिकायतों को सुनकर समस्या का त्वरित समाधान किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्राप्त आवेदनों के आधार पर संबंधित विभाग के अधिकारियों को कार्रवाई का निर्देश दिया।
सीएम लोगों का लेंगे फीडबैक
इस मौके पर मंत्री ने आगामी 22 दिसंबर से शुरू होनेवाले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समाज सुधार यात्रा के संबंध में बताया कि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री सभी जिलों का दौरा करेंगे और वहां के लोगों का फीडबैक लेंगे। कहा कि मुख्यमंत्री की यात्रा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने प्रदेश में शराबबंदी कानून को पूरी तरह से सफल बताते हुए कहा कि सरकार की जितनी भी योजनाएं हैं सभी की समीक्षा होगी और अगर कहीं भी कुछ कमियां हैं तो उसे तत्काल दूर किया जाएगा।
21 को साल की आखिरी कैबिनेट
वहीं 21 दिसंबर को बाल्मीकिनगर में होनेवाली कैबिनेट की बैठक के संबंध में मंत्री ने कहा कि इस वर्ष की आखिरी कैबिनेट की बैठक है, देखते हैं इसमें क्या कुछ फैसले होते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में जो भी जन कल्याणकारी योजनाएं चल रही हैं, उसका लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के लिए सरकार संकल्पित हैं और इसकी जमीनी हकीकत जानने के लिए ही मुख्यमंत्री पूरे प्रदेश की यात्रा करते हैं।
बिहार दुनिया में विशेष पहचान बनाया
वहीं उन्होंने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग पर कहा कि बिहार को अगर विशेष राज्य का दर्जा मिलता है तो बिहार और तेजी से विकास करेगा। मैंने देखा है कि बिहार में पहले क्या स्थिति थी और आज हालात कितने बदल चुके हैं। मुख्यमंत्री के प्रयास का ही असर है कि आज बिहार सीमित संसाधनों के बावजूद देश और दुनिया में अपनी विशेष पहचान बना चुका है। इस अवसर पर विधान पार्षद संजय गांधी और मुख्यालय महासचिव मृत्युंजय कुमार सिंह समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।


